हैदराबाद : ज्वेलरी शॉप से सोने की अंगूठियाँ चुराने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद, साइबराबाद की कुकटपल्ली पुलिस ने ज्वेलरी शॉप से सोने की अंगूठियाँ चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी ग्राहकों की तरह दुकान में पहुंचकर सेल्समैन को चकमा देकर सोने की अंगूठियों की जगह रोल गोल्ड की अंगूठियाँ रखकर फरार हो जाता था।
कुकटपल्ली पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर के.वी. सुब्बा राव ने बताया कि मूल रूप से करीमनगर व अमीनपुर में रहने वाले एम. सागर (30) को सेल्सगर्ल का ध्यान भंग कर अंगूठियां चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गत 2 फरवरी को आरोपी कुकटपल्ली स्थित एक ज्वेलरी शॉप में पहुंचा और सेल्सगर्ल से सोने की अंगूठियाँ दिखाने को कहा। जब सेल्स गर्ल ट्रे में अंगूठियाँ दिखा रही थी, तभी आरोपी ने उसका ध्यान भटका दिया और चालाकी से असली सोने की अंगूठियों की जगह नकली (रोल्ड गोल्ड) अंगूठियाँ रख दीं।
यह भी पढ़ें… जग्तियाल : गर्भवती की पति ने चाकू मारकर हत्या की
इसके बाद वह असली अंगूठियाँ लेकर बिना शक के दुकान से फरार हो गया। कुछ देर बाद सेल्स गर्ल को धोखाधड़ी का पता चला, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर सीसीटीवी फुटेज के तहत आरोपी की पहचान की और आज सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी पहले भी इस तरह की तीन वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसे आगे की कार्रवाई के तहत कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





