हैदराबाद : विवाहिता के शादी से इनकारकर ने पर कर दी पति की हत्या

हैदराबाद, विवाहित महिला से डरा-धमका कर उसके साथ अवैध संबंध बनाने के बाद विवाह के इनकार करने पर एक व्यक्ति ने बदले की भावना से विवाहिता के पति की हत्या कर दी। यह घटना वारिसगुड़ा थाना परिधि में प्रकाश में आई। पुलिस के अनुसार, अंबर नगर पारसीगुट्टा निवासी निजी स्कूल के अध्यापक संपंगी मल्लेश (41) ने वर्ष 2021 के दौरान एस सी जाति की युवती मल्लिका से विवाह रचाया था। मल्लेश के घर वाले मल्लिका को अपने घर में रखने के लिए राजी नहीं हुए।

इस कारण मल्लेश अपनी पत्नी मल्लिका व पुत्री आयुंशी (03) के साथ अपने माता-पिता से अलग रह रहा था। वर्ष 2024 के दौरान चंदानगर में पैतृक मकान के मामले को लेकर मल्लेश व उसकी पत्नी का अपनी बहन सावित्री और मां लक्ष्मी के साथ झगड़ा हो रहा था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ चंदानगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। इस झगड़े के चलते मल्लेश राम नगर में रहने वाले अपने ससुराल का सहयोग लेने के लिए पिछले वर्ष से अंबर नगर, वारिसगुड़ा निवासी रविंद्र के मकान में किराये से रहते हुए स्थानीय कारनर स्टोन स्कूल में अध्यापन का कार्य कर रहा था।

ओएलएक्स पर नौकरी की तलाश में असफल रही मल्लिका

मल्लिका ने भी ओएलएक्स पर टीचर की नौकरी के लिए सर्च किया, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। इस कारण उसने ओएलएक्स पर दूसरी नौकरी के लिए तलाश किया और उसे हरिशंकर नामक एक व्यक्ति के घर पर खाना बनाने की नौकरी मिल गयी। हरिशंकर ने मल्लिका को विश्वास में लेते हुए उससे कहा कि वह उसकी पारिवारिक समस्या को सुलझाने में मदद करेगा। इस कारण मल्लिका ने अपने पति मल्लेश का हरिशंकर से परिचय करवाया।

हरिशंकर की मल्लिका को लेकर नीयत खराब थी और वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाना चाहता था। इस कारण वह मल्लेश की अनुपस्थिति में अक्सर मल्लिका के घर जाया करता था। इस प्रकार मल्लिका को भरोसे में लेकर हरिशंकर ने उसके समक्ष प्रेम प्रस्ताव रखा, जिसे मल्लिका ने ठुकरा दिया। हरिशंकर हर हाल में मल्लिका को अपना बनाना चाहता था। इस कारण वह मल्लिका को यह कह कर धमकाने लगा कि यदि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो वह उसके पति मल्लेश की हत्या कर देगा।

इस प्रकार बार-बार पति की हत्या करने की धमकी देने पर मल्लिका घबरा गयी और भयभीत मल्लिका ने उसके प्रस्ताव को स्वीकार लिया। दोनों के बीच कुछ दिन तक संबंत चलते रहे, लेकिन जैसे-तैसे मल्लेश को इन दोनों के बीच अनैतिक संबंध की भनक लग गयी। मल्लेश ने हरिशंकर को अपने घर बुला कर उसे समझाया और मल्लिका के रास्ते में न आने की धमकी दी। हरिशंकर कुछ दिन शांत रहा, लेकिन गत 13 फरवरी को दोपहर के समय हरिशंकर मल्लिका के घर आ धमका और उस पर उसके साथ विवाह करने के लिए जोर डालने लगा। मल्लिका ने उससे उसके घर से चले जाने की मिन्नतें की और कहा कि मल्लेश के घर लौटने का समय है और उसके घर आने पर हंगामा खड़ा हो सकता है।

बीयर पीकर हरिशंकर ने विवाह के लिए बनाया दबाव

मल्लिका के कहने पर हरिशंकर घर से निकल गया और कुछ देर बाद बीयर की बोतल लेकर मल्लिका के घर लौटा और बीयर पीने के बाद फिर से मल्लिका पर विवाह के लिए दबाव डालने लगा, जैसे-तैसे मल्लिका ने उसे घर से बाहर भेज दिया। हरिशंकर घर से बाहर निकल कर गली तक पहुंचा था कि उसी समय मल्लेश ने घर लौटते समय उसे देख लिया। हरिशंकर को देखते ही मल्लेश का खून खौल गया और उसने हरि शंकर से झगड़ा किया।

यह भी पढ़ें… शिवलिंग के समक्ष गांजा लेकर रील बनाने वाले युवक अरेस्ट

झगड़ा बढ़ जाने पर दोनों मारपीट पर उतारू हो गये। मारपीट के दौरान मल्लेश के नीचे गिरते ही हरिशंकर ने पास में पड़ा पार्किंग टाइल उठाकर मल्लेश के सिर व चेहरे पर चार-पांच जोर दार वार कर दिये, जिस कारण मल्लेश घायल होकर वहीं बेहोश हो गया। जानकारी मिलने पर मल्लिका ने अपने परिजनों के साथ घायल मल्लेश को पहले आरटीसी चौराहे के श्रीकारा अस्पताल में भर्ती करवाया और उसकी हालत गंभीर हो जाने पर उसे गांधी अस्पताल भेज दिया गया, जहां उपचार के दौरान कल रात मल्लेश ने दम तोड़ दिया। मल्लेश के भाई संपंगी दशरथ की शिकायत पर पुलिस ने हरि शंकर के खिलाफ बीएनस की धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया, लेकिन इसकी आधिकारिक रूप से पृष्टि नहीं की है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button