हैदराबाद : ऑनलाइन बेट्टिंग फ्रॉड के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
हैदराबाद, हैदराबाद की साइबर अपराध पुलिस ने ऑनलाइन बेट्टिंग और गेमिंग फ्रॉड के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी इस फ्रॉड को अंजाम देने वाले साइबर ठगों को सिम कार्ड उपलब्ध करवा रहे थे।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में साइबर अपराध पुलिस उपायुक्त वी. अरविंद बाबू ने बताया कि सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर साइबर अपराध पुलिस इंस्पेक्टर पी. शिवचंद्रा ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फतेहशाह नगर, ईदी बाजार, संतोषनगर निवासी एक निजी कर्मी मो. सईदुद्दीन उर्फ फरीद (26), मोइनबाग निवासी पेशे से ऑटो चालक मो. ताजुद्दीन (31), मोइनबाग निवासी पेशे से व्यापारी मो. यूनीस उर्फ अरबाज (25) और निजीकर्मी मो. अयूब (24) के रूप में की गई है।
पुलिस ने बताया कि पिछले वर्ष हैदराबाद निवासी एक युवक को व्हॉट्सऐप के जरिए मैसेज भेजा गया और उसे बेटिन एक्सचेंज का हवाला देते हुए ऑनलाइन स्तर पर बेटिन गेम जैसे क्रिकेट बेट्टिंग, तीन पत्ती और कैसिनो गेम्स पर सट्टा लगाने पर भारी और निश्चित मुनाफा देने का आश्वासन दिया गया। भरोसा कर शिकायतकर्ता युवक ने पहले 20,001 रुपये जमा किए, जिस पर उसे 5 हजार रुपये का मुनाफा दिखाया गया।
इसके बाद भरोसा कर युवक ने अपने बैंक खाते से यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड और कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए वर्ष 2025 और जनवरी-2026 के दौरान कुल 1.5 करोड़ रुपये विभिन्न किश्तों में अपनी पत्नी के बैंक खाते का भी उपयोग कर जमा किए, जिस पर उसे 20 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया गया। इसके बाद जब कभी भी उसने मुनाफे की रकम निकालने का प्रयास किया। वह जमा की गई रकम गंवाता चला गया।
ऑनलाइन बेटिंग साइटों के जरिए युवक से ठगी
इस प्रकार उसने पूरी रकम गँवा दी। साइबर ठगों ने गुमराह करते हुए बेटिन एक्स डॉटकॉम, बेटिन एक्सचेंज 24/7, फनिन एक्सचेंज, फनिन एक्सचेंज 247 डॉटकॉम, फनिन मैच फनिन मैच 360, फनिन मैच 555, टीएजे 777, पीओएलओ 777, जोकर एक्सचेंज के माध्यम से बेट्टिंग लगाकर उसके द्वारा जमा की गई रकम लूट ली। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर आईटी अधिनियम की धारा 66सी, 66डी और बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) तथा तेलंगाना गेमिंग एक्ट अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामले दर्ज किए।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मो. सईदुद्दीन पहले दुबई स्थित क्रिकेट बेट्टिंग के कॉल सेंटर में नौकरी करता था। दुबई से हैदराबाद आने के बाद उसने अपने तीनों साथियों से संपर्क कर सेलफोन का सिम उपलब्ध करवाने पर प्रत्येक सिमकार्ड पर 600 रुपये देने का आश्वासन दिया। इस प्रकार तीनों आरोपियों ने अपने रिश्तेदारों के नाम पर सिमकार्ड खरीदकर मो. सईदुद्दीन को सौंप दिए। प्राप्त सिमकार्ड लेकर मो. सईदुद्दीन दुबई चला गया और उसने सभी सिमकार्ड मूलत गुजरात के रहने वाले व दुबई निवासी मुद्दसीर को सौंप दिए।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : नौकरी न मिलने पर खुदकुशी की
मुद्दसीर ने उसे प्रत्येक सिम के लिए 1,200 रुपये का भुगतान किया। इस प्रकार मो. सईदुद्दीन ने ऑनलाइन बेट्टिंग व गेमिंग एक्ट संचालित करने हेतु मुद्दसीर को 250 सिमकार्ड उपलब्ध करवाए। सिमकार्ड सौंपने के बाद मो. सईदुद्दीन दुबई से हैदराबाद लौट आया। इधर प्राप्त शिकायत के आधार पर साइबर अपराध पुलिस ने तकनीकी रूप से छानबीन कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से पाँच सेलफोन जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



