हैदराबाद : गेमिंग ऑनलाइन का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
हैदराबाद, नगर की साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग तथा बेटिंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सीसीएस पुलिस ने बताया कि नगर के राजेश वेंकटरमण, बी. अभिषेक, ऑगस्टिन विलियम्स व गोवा की मनमीत शर्मा उर्फ सोनिया को ऑनलाइन गेमिंग व बेटिंग की आड़ में धोखाधड़ी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बताया गया कि हाल ही में नगर में रहने वाली 24 वर्षीय युवती को व्हाट्सएप पर गेमिंग से संबंधित एक लिंक भेजा गया था। युवती को लुभावने ऑफर के जरिए जाल में फँसाकर 30 लाख रुपयों का चूना लगाया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले की जाँच करते हुए उक्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जाँच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में 26,07,01,460 रुपयों का लेनदेन पाया गया।
यह भी पढे़: हैदराबाद : अवैध अचार फैक्ट्री का भंडाफोड़
बताया गया कि राजेश व गुजरात का ऋषभ जसवंतराय गांधी वन स्टॉप शॉपिंग स्टेशन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं। वे एक गिरोह बनाकर सोशल मीडिया के जरिए अपने ऐप का प्रचार करते थे और पंजीकरण करवाने के बाद गेमिंग व बेटिंग की आड़ में पैसा निवेश करवाते हुए ठगी कर रहे थे। आरोपियों के पास से 4 लैपटॉप, 6 सेलफोन, 9 चेकबुक, 2 फर्जी कंपनियों के स्टैम्प, 6 लाख 50 हजार रुपये की नकदी भी जब्त की गई। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार करने करने के लिए अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



