हैदराबाद : प्रदूषित जल ने ली हज़ारों मछलियों की जान
हैदराबाद, साइबराबाद नगर निगम क्षेत्र के तेल्लापुर के पास उस्मान नगर स्थित चेलीकुंटा तालाब में बड़ी संख्या में मछलियों के मृत पाये जाने के मुद्दे पर एक बार फिर प्रदूषित जल तालाबों में छोड़े जाने का मुद्दा उजागर हुआ है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि तालाब में लगातार अनुपचारित सीवेज और प्रदूषित जल छोड़ा जा रहा है, जिसके कारण यह घटना घटी है।
तेल्लापुर नेबरहुड एसोसिएशन के अध्यक्ष रमण ईश्वरगारी ने बताया कि गुरुवार को तालाब की सतह और किनारों पर मृत मछलियाँ तैरती हुई देखी गईं, जिससे वहां भारी दुर्गंध फैल गई और पानी की गुणवत्ता में गिरावट भी साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, तेलंगाना प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संगारेड्डी जिला कलेक्टर को इस संबंध में शिकायत सौंपी है। इसमें आरोप लगाया गया है कि लेबर कैंपों और निर्माण स्थलों सहित कई स्रोतों से अनुपचारित मल जल तालाब में प्रवेश कर रहा है।
यह भी पढ़ें… धूलपेट में 1.321 किलो गाँजा बरामद, 2 गिरफ्तार
एसोसिएशन ने कहा है कि बार-बार जानकारी देने के बावजूद प्रदूषित जल का बहाव तालाब में जारी है। संबंधित अधिकारी इस पर कार्रवाई करने में विफल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुपचारित अपशिष्ट जल का निरंतर प्रवाह सार्वजनिक स्वास्थ्य, भूजल की गुणवत्ता और क्षेत्र के पारिस्थितिक संतुलन को प्रभावित कर सकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



