हैदराबाद : सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की पूर्व पत्नी की हत्या
हैदराबाद, मल्काजगिरी के वनस्थलीपुरम थाना परिधि में तलाक देने के कारण सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बदले की भावना से पूर्व पत्नी की दिन दहाड़े उसके घर में घुस कर नृशंस हत्या कर दी। वनस्थलीपुरम पुलिस ने बताया कि वेंकटेश्वरा इन्फ्रा मिडोस फ्लैट नंवर 404 ग्रीन सिटी कॉलोनी वनस्थलीपुरम निवासी सपना (30) का पाँच वर्ष पूर्व विदेश में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्य करने वाले महेश के साथ विवाह हुआ था।
सपना भी हैदराबाद में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थी। दोनों के बीच कुछ मामलों के लेकर मतभेद के चलते हाल ही में सपना ने कानूनी रूप से महेश को तलाक दे दिया था। महेश को तलाक देने के बाद सपना ने दूसरा विवाह भी कर लिया। उसे तलाक देकर सपना का दूसरा विवाह करना महेश को काफी खल रहा था। बदले की आग में जल रहे महेश ने सपना की हत्या करने की ठान ली। उसने आज सोची समझी साजिश के तहत दोपहर के समय बैग में दो चाकू तथा पेट्रोल की बोतल लेकर सपना के घर गया और बातचीत के बहाने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें… शिवलिंग के समक्ष गांजा लेकर रील बनाने वाले युवक अरेस्ट
चाकू से हमला कर गमले से सिर कुचलकर की हत्या
इस अप्रत्याशित हमले में सपना लहुलुहान होकर वहीं गिर गयी। उसी समय महेश ने उसके सिर पर पास में ही पड़ा फूलो का गमला उठाकर पटक दिया, जिस कारण सिर फट जाने व चाकुओं के घाव के कारण सपना की मौके पर ही मौत हो गयी। सपना की हत्या करने के बाद महेश फरार होने का प्रयास कर रहा था, तब अपार्टमेंट वासियों ने उसे रोकने की कोशिश की। इस पर महेश ने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाल कर उसे पकड़ने के लिए आए लोगों को पेट्रोल उड़ेल कर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बावजूद भी स्थानीय लोगों ने हिम्मत कर फरार हो रहे महेश को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों की जानकारी पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की बारिकी से छानबीन की और महेश को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस के पूछताछ करने पर महेश ने बताया कि उसे तलाक देकर दूसरा विवाह करने के कारण ही बदले की भावना से उसे सपना की हत्या कर दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



