हैदराबाद के आवास पंजीकरण बाज़ार में 32 प्रतिशत वृद्धि
हैदराबाद, हैदराबाद के रियल इस्टेट में कुछ सकारात्मक संकेत दिखाई दे रहे हैं। रियल इस्टेट क्षेत्र से फरवरी-2026 की एक रिपोर्ट में कहा गया कि हैदराबाद के आवासीय बाजार में मजबूत सुधार दर्ज किया गया है। विशेष रूप से पंजीकरण गतिविधियों में 32 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गयी।
नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फरवरी के दौरान 6,179 आवासीय संपत्तियाँ पंजीकृत हुईं, जिनकी कुल कीमत 4,139 करोड़ रुपये रही। यह आँकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 3 प्रतिशत और पिछले माह की तुलना में 32 प्रतिशत अधिक है। रिपोर्ट के अनुसार, 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले घरों के कुल पंजीकरण में 18 प्रतिशत हिस्सा रहा, जबकि कुल लेन-देन मूल्य में इनकी हिस्सेदारी 48 प्रतिशत तक पहुँच गई। इससे स्पष्ट है कि प्रीमियम हाउसिंग सेगमेंट की माँग लगातार मजबूत बनी हुई है।
यह भी पढ़ें… गारंटियों की गारंटी : छह चुनावी वादों के लिए 50,713 करोड़ रुपये आवंटित
वहीं 50 लाख रुपये से कम कीमत वाले घरों में 7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि 50 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच वाले सेगमेंट में 7 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। क्षेत्रीय स्तर पर गच्ची बावली, नानकरामगुड़ा, नारसिंगी और कोंडापुर जैसे आईटी हब से जुड़े इलाकों में प्रीमियम आवासों की माँग सबसे अधिक रही। जिलेवार आँकड़ों के अनुसार, मेड़चल-मल्काजगिरी में सबसे ज्यादा 45 प्रतिशत पंजीकरण हुए। इसके बाद रंगारेड्डी में 40 और हैदराबाद में 14 प्रतिशत पंजीकरण दर्ज किए गए। रिपोर्ट में बताया गया कि फरवरी 2026 में संपत्तियों की औसत कीमत में 2 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई। बड़े आकार के घरों की माँग भी बनी हुई है, जहाँ 1000 से 2000 वर्ग फुट के घरों का हिस्सा कुल पंजीकरण का 66 प्रतिशत रहा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





