हैद्रा : बंजारा लेक में मलजल और प्लास्टिक कचरे की भरमार
हैदराबाद, हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने बुधवार को बंजारा लेक निरीक्षण के दौरान पाया कि कभी अपनी सुंदरता के लिए मशहूर यह तालाब प्रदूषित मलजल और प्लास्टिक कचरे से भर गया है।



प्रजावाणी में मिली शिकायतों के आधार पर हैद्रा आयुक्त ने स्थानीय विधायक दानम नागेंदर के साथ बंजारा हिल्स स्थित बंजारा लेक का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने पाया गया कि झील में सीधा सीवेज पानी छोड़ा जा रहा है और प्लास्टिक कचरे से झील का बड़ा हिस्सा भर गया है, जिससे यह अत्यधिक प्रदूषित और दुर्गंधयुक्त हो गई है। हैद्रा आयुक्त ने चिंता जतायी कि एक समय पेयजल स्रोत रही यह झील अब हैदराबाद की सबसे प्रदूषित जलस्रोतों में बदल गई है।
एफटीएल क्षेत्र में सड़क निर्माण और कचरा झील के अस्तित्व को खतरा बन गया है। साथ ही कट्टामैसम्मा मंदिर जाने वाले रास्ते को अतिक्रमणकारियों द्वारा बंद करने की शिकायत को उन्होंने गंभीरता से लिया गया। आयुक्त ने कहा कि झील के पुनरुद्धार के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवासों को प्रभावित किए बिना झील की रक्षा होगी और नालों को बंद करने वाले निर्माणों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
मामिडिपल्ली में गायब होते तालाबों की जाँच
हैद्रा आयुक्त ने शमशाबाद मंडल के मामिडिपल्ली क्षेत्र में तालाबों के गायब होने की शिकायतों पर जाँच की। ओंगोनी कुंटा, कनकैय्या कुंटा, मर्रिवाणी कुंटा और एर्राकुंटा जैसे तालाबों पर अतिक्रमण पाए गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि जल निकासी के रास्ते (नालों) को बंद करने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ रही है। आयुक्त ने सिंचाई और राजस्व अधिकारियों को पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अतिक्रमणकारियों के साथ बैठक कर कब्जे हटाने के लिए कहा जाएगा, अन्यथा हैद्रा सीधे कार्रवाई करेगा।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : बाढ़ जल तालाबों तक पहुँचाने जोड़े जा रहे नाले
सड़क से हटाए गये कब्जे
सिकंदराबाद के बंसीलालपेट क्षेत्र स्थित न्यू भोइगुड़ा में हैद्रा ने 20 फीट चौड़ी सड़क पर अवैध रूप से बन रहे मकान को हटाकर रास्ता साफ किया। स्थानीय लोगों की शिकायत के अनुसार, सड़क पर लगभग 10 फीट तक अतिक्रमण कर नीचे दुकान और ऊपर मकान का निर्माण किया जा रहा था। पहले छोटा-सा व्यवसाय होने के कारण लोगों ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन अब पूरी सड़क को बाधित करते हुए निर्माण कार्य किया जाने लगा, जिससे समस्याएँ बढ़ गई थीं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



