हैद्रा : आईटी कॉरिडोर में 6 एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमण मुक्त

हैदराबाद, हैद्रा ने आईटी कॉरिडोर से सटे गंधमगुड़ा में 6.30 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त किया। यह सरकारी भूमि सरकार ने जल बोर्ड को आवंटित की थी, जिस पर कुछ लोग कब्ज़ा करने का प्रयास कर रहे थे।

हैद्रा सूत्रों के अनुसार, सरकार द्वारा जलबोर्ड को आवंटित भूमि पर कुछ लोगों ने शेड बनाकर कब्जा कर लिया था। जलबोर्ड के अनुरोध पर हैद्रा अधिकारियों ने नगरपालिका और राजस्व अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। जाँच में पाया गया कि यह भूमि सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए सरकार द्वारा आवंटित की गई थी। हैद्रा ने वास्तविक जानकारी मिलने के बाद अतिक्रमण कर बनाए गए शेड्स को हटाने के लिए कार्रवाई की।

प्रजावाणी में 42 शिकायतें

हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में भी विभिन्न स्थानों पर सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें मिली हैं। ममेड़चल-मल्कजगिरी जिले के प्रगति नगर में सार्वजनिक उपयोग के लिए निर्धारित भूमि पर अतिक्रमण किये जाने की शिकायत स्थानीय निवासियों ने की। आलेटी श्रीनिवास राव एवं अन्य ने बताया कि प्रगति नगर स्थित श्मशान की लगभग 5 एकड़ भूमि अतिक्रमण की चपेट में है।

इसके साथ ही श्मशान के समीप स्थित लगभग 4 एकड़ सरकारी भूमि, जो कचरा डंपिंग यार्ड के लिए आवंटित है, पर भी अतिक्रमण हो रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वे अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने हैद्रा से तत्काल हस्तक्षेप कर भूमि की रक्षा का अनुरोध किया।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना के नागरिकों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम

पेद्दाकुंटा तालाब के एफटीएल में निर्माण का आरोप

शिखर रेजिडेंट्स वेल्फेयर असोसिएशन ने शिकायत की कि बाचुपल्ली पेद्दाकुंटा तालाब के एफटीएल और बफर क्षेत्र में श्मशान का निर्माण किया जा रहा है। मामले में कोर्ट में केस लंबित होने के बावजूद निर्माण कार्य जारी है। शेरीलिंगमपल्ली मंडल के मदीनागुड़ा में पोचम्मा मंदिर से संबंधित भूमि पर अपार्टमेंट निर्माण का आरोप लगाया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन कर मामला अदालत में भी ले जाया गया।

न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद अवैध निर्माण जारी है। अमीनपुर में स्थित पोचम्मा कुंटा में तालाब के एफटीएल क्षेत्र में श्मशान निर्माण किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें तालाबों के एफटीएल क्षेत्रों की सुरक्षा की माँग की गई। इसके अलावा मेड़चल जिले के मेडिपल्ली मंडल के बोडुप्पल एसबीआर कॉलोनी में 25 फीट सड़क पर लगभग 5 फीट तक अतिक्रमण कर दुकानों का निर्माण किए जाने की शिकायत प्रजावाणी में दर्ज की गयी। इस प्रकार हैद्रा प्रजावाणी में कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें अतिरिक्त निदेशक वरला पापैया ने समीक्षा कर उनके समाधान की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को दी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button