एलपीजी सिलेंडर की कालाबाज़ारी के खिलाफ बढ़ी सख्ती

हैदराबाद, तेलंगाना भर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के उपयोग में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इस अभियान में बीते बीस दिनों में नागरिक आपूर्ति विभाग ने 3,600 से अधिक एलपीजी सिलेंडर ज़ब्त किये हैं, जिनका बाज़ार मूल्य लगभग 1.10 करोड़ रुपये आकलित किया गया है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागरिक आपूर्ति विभाग की प्रवर्तन टीमों ने 12 मार्च से 3 अप्रैल तक पूरे तेलंगाना से 3,699 घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 70 छोटे सिलेंडर जब्त किए। जब्त की गई वस्तुओं का कुल मूल्य 1.10 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इससे स्पष्ट है कि राज्य में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाज़ारी काफी बढ़ गयी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की गई, जिसमें इस अभियान के दौरान आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 6ए के तहत 1,275 मामलों में 216 प्राथमिकियाँ दर्ज की गईं।

अधिकारियों द्वारा बार-बार कहा जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडरों का अवैध रूप से व्यावसायिक उद्देश्यों, जैसे भोजनालयों, ढाबों आदि में उपयोग न किया जाए। सरकारी रिपोर्टों में उल्लेख किया गया है कि एलपीजी सिलेंडर, जो घरेलू उपयोग के लिए सब्सिडी पर प्रदान किए जाते हैं, उनका उपयोग घरेलू उद्देश्यों के बजाय व्यावसायिक उद्देश्यों जैसे भोजनालयों या ऑटो रिक्शा में किया जाना कानून के खिलाफ है। होटलों, खाद्य प्रतिष्ठानों आदि में उनके दुरुपयोग के लिए छापों के दौरान बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किये गये। भले ही यह कार्रवाई पूरे तेलंगाना में शुरू की गई थी, लेकिन अधिकतर छापे हैदराबाद में ही मारे गए।

यह भी पढ़ें… राज्यभर में 99 दिवसीय ग्राम सभा कार्यक्रम का शुभारंभ

अवैध एलपीजी उपयोग से सुरक्षा और वास्तविक उपभोक्ता प्रभावित

अधिकारियों के अनुसार, एलपीजी सिलेंड का अवैध उपयोग न केवल घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी के वास्तविक उपभोक्ताओं को प्रभावित करता है, बल्कि सुरक्षा के नजरिए से भी जोखिम भरा है। हैदराबाद और अन्य भारतीय शहरों में कमर्शियल और घरेलू एलपीजी की कीमतों में वृद्धि हुई है। हालिया बढ़ोतरी के बाद, हैदराबाद में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,320.50 रुपये हो गयी है, जबकि घरेलू सिलेंडरों की कीमत 965 रुपये हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि नागरिकों को एलपीजी बुकिंग घोटालों में वृद्धि के बारे में भी सतर्क किया जा रहा है। कुछ लोग गैस एजेंसी प्रतिनिधियों या बुकिंग एजेंसियों के वेष में लोगों की व्यक्तिगत जानकारी के साथ-साथ उनके बैंक विवरण चुराने की कोशिश कर रहे हैं। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे एलपीजी सिलेंडर केवल अपनी एजेंसियों के ऐप या वेबसाइट के माध्यम से ही बुक करें। किसी भी संदिग्ध घोटाले के मामले में नागरिक 1967 या 100 पर कॉल करके तुरंत रिपोर्ट कर सकते हैं। इसके अलावा, आपात स्थिति के लिए आधिकारिक एलपीजी हेल्पलाइन नंबर 1906 भी उपलब्ध है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button