भारत-पाक क्रिकेट मुकाबले से पहले श्रीलंका की राजधानी में कड़ी सुरक्षा
कोलंबो, श्रीलंका पुलिस ने शनिवार को कहा कि रविवार को कोलंबो में भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप क्रिकेट मुकाबले से पहले विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
चिर प्रतिद्वंद्वी भारत और पाकिस्तान रविवार को यहां स्थित आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने-सामने होंगे। श्रीलंका के अधिकारियों ने कहा कि मैच के आयोजन की सुरक्षा के मामले में कोई जोखिम नहीं लिया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता एफ टी वूटलर ने संवाददाताओं से कहा कि हमने (श्रीलंका पुलिस) ने एक विशेष यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की है। यह मुकाबला कई हफ्तों की अनिश्चितता के बाद हो रहा है। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के समर्थन में मैच के बहिष्कार की घोषणा की थी। इस मुद्दे पर फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी), बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच गहन बातचीत हुई।
श्रीलंका सरकार ने भी पाकिस्तान से अपील की थी कि वह अपना निर्णय बदले क्योंकि टूर्नामेंट के सह-मेजबान के रूप में पहले से की गई तैयारियों में भारी नुकसान हो सकता था। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को फोन कर अपनी टीम को मैच खेलने के लिए कोलंबो भेजने की जरूरत पर बात की। यह इस टूर्नामेंट में भारत का अपने घरेलू मैदान के बाहर पहला मैच होगा।
इससे पहले सरकार ने कहा था कि इस मुकाबले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। वूटलर ने कहा कि टीमें जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकलेंगी, उन्हें सशस्त्र सुरक्षा प्रदान की जाएगी। विमान में लौटने तक उनके साथ सशस्त्र गार्ड रहेंगे। दर्शकों से अनुरोध किया गया है कि वे शाम सात बजे शुरू होने वाले मैच के लिए चार घंटे पहले पहुंचें। वूटलर ने कहा कि सभी गेट दोपहर तीन बजे खोल दिए जाएंगे। हम जनता से अनुरोध करते हैं कि वे यथासंभव जल्दी मैदान पर पहुंचें। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



