33 हजार करोड़ की औद्योगिक योजना मंजूर, 15 लाख रोजगार की उम्मीद

Ad

नई दिल्ली, सरकार ने विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को 33,660 करोड़ रुपये की भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) को मंजूरी दी, जिसके तहत देशभर में 100 प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएँगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इस योजना को स्वीकृति दी गई। इस योजना के तहत करीब 15 लाख प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने का अनुमान है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि इस पहल से देश में विश्वस्तरीय औद्योगिक बुनियादी ढाँचा विकसित होगा और विनिर्माण क्षेत्र को गति मिलेगी। भव्य योजना के तहत 100 एकड़ से लेकर 1,000 एकड़ तक के औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएँगे, जिनके लिए प्रति एकड़ एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।

प्लग-एंड-प्ले पार्क विकसित ढाँचे वाले औद्योगिक क्षेत्र होते हैं, जहाँ कंपनियाँ लंबी तैयारी के बगैर तुरंत ही उत्पादन या संचालन शुरू कर सकती हैं। इन पार्कों में आंतरिक सड़कें, भूमिगत उपयोगिताएँ, पानी-निकासी, अवशिष्ट प्रबंधन और प्रशासनिक ढाँचा जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। इसके अलावा, तैयार फैक्ट्री शेड, किसी खास कंपनी की जरूरत के हिसाब से डिजाइन एवं तैयार बिल्ट-टू-सूट इकाइयाँ, परीक्षण प्रयोगशालाएँ, गोदाम और श्रमिकों के लिए आवास जैसी मूल्यवर्धित सुविधाएँ भी विकसित की जाएँगी।

15 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजन का अनुमान

वैष्णव ने कहा कि इन औद्योगिक पार्कों में बाहरी बुनियादी ढाँचे के लिए परियोजना लागत का 25 प्रतिशत तक समर्थन दिया जाएगा, ताकि संपर्क सुविधा बेहतर हो सके। इस योजना के तहत परियोजनाओं का चयन चैलेंज मोड के जरिये किया जाएगा, ताकि केवल निवेश के लिए तैयार एवं सुधारोन्मुख प्रस्तावों को ही आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम (एनआईसीडीपी) के तहत विकसित औद्योगिक स्मार्ट शहरों की सफलता को आधार बनाते हुए भव्य योजना को राज्यों और निजी क्षेत्र की साझेदारी में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले से स्वीकृत भूमि, तैयार बुनियादी ढाँचे और एकीकृत सेवाओं के साथ भव्य योजना निवेशकों के लिए प्रवेश संबंधी बाधाओं को काफी हद तक कम करेगी।

इस योजना के तहत करीब 15 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। साथ ही, यह पहल एमएसएमई, स्टार्टअप, विनिर्माण इकाइयों और वैश्विक निवेशकों को तैयार औद्योगिक ढाँचा उपलब्ध कराकर निवेश को आकर्षित करेगी। (भाषा) 

यह भी पढ़ेप्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार रैली

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button