IPL 2026: सैम कुरेन की जगह राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए दासुन शनाका

नयी दिल्ली, श्रीलंका के टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान दासुन शनाका को सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के लिए इंग्लैंड के चोटिल ऑलराउंडर सैम कुरेन के स्थान पर राजस्थान रॉयल्स टीम में शामिल किए जाने की पुष्टि की गई। शनाका दो करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे। आईपीएल की सोमवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘कुरेन के स्थान पर दासुन शनाका दो करोड़ रुपये में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे। शनाका ने श्रीलंका के लिए छह टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 3350 से अधिक रन और 86 विकेट हैं।

इस 34 साल के खिलाड़ी ने 2023 में गुजरात टाइटन्स के लिए आईपीएल में तीन मैच खेले हैं। राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच और टीम निदेशक कुमार संगकारा ने एक बयान में कहा, ‘‘सत्र की शुरुआत से ठीक पहले सैम जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी का चोट के कारण उपलब्ध न होना हमारे लिए निराशाजनक है।’’

‘‘सैम बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए बहुत मूल्यवान खिलाड़ी हैं। हमें, हालांकि, दासुन शनाका के रूप में एक आदर्श विकल्प पाकर खुशी हुई है। वह बल्ले से एक फिनिशर (आखिरी ओवरों के विशेषज्ञ बल्लेबाज) और एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं। वह हमारी टीम का संतुलन बनाए रखने में मदद करेंगे।’’

राजस्थान रॉयल्स ने इस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘दासुन शनाका टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रीलंका के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं और रॉयल्स के निचले मध्य क्रम में अपना अपार अनुभव और संयम लेकर आएंगे।’’ शनाका इस तरह जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुजरबानी के बाद दूसरे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने का फैसला किया है।

आईपीएल नीलामी में बोली हासिल करने में नाकाम रहने के बाद शनाका को पीएसएल फ्रेंचाइजी लाहौर कलंदर्स ने अपनी टीम में शामिल किया था। राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 का आगाज 30 मार्च को गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ घरेलू मैच से करेगी। भाषा 

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button