ईरान एक दिन में 15 जहाज छोड़ेगा, बढ़ेगी समुद्री गतिविधि

तेहरान, पश्चिम एशिया में जारी जंग अमेरिका और उसके सहयोगियों समेत पूरी दुनिया के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। 28 फरवरी के पहले जो होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला हुआ था, उस पर अब ईरान लगातार प्रतिबंध लगाए हुए है। सीजफायर के बाद तेहरान ने स्पष्ट कर दिया है कि अभी इस रास्ते से केवल 15 जहाज प्रतिदिन गुजरेंगे। आईआरजीसी के सूत्रों की तरफ से साफ कर दिया गया है कि स्ट्रेट में युद्ध पूर्व स्थिति में लौटने के लिए लंबा समय लगेगा।
सूत्र के मुताबिक, ईरान होर्मुज पर अपनी स्थिति को कमजोर नहीं पड़ने देगा। रूसी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक एक वरिष्ठ ईरानी सूत्र ने बताया कि सीजफायर के बाद भी तेहरान की तरफ से होर्मुज को युद्ध पूर्व की स्थिति में चलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
समुद्री रणनीति को मजबूत करने की दिशा में कदम
किसी भी जहाज को स्ट्रेट से गुजरने के लिए ईरान के विशिष्ट प्रोटोकॉल और मंजूरी का पालन करना ही होगा। इसके बाद भी तेहरान एक दिन में 15 से ज्यादा जहाजों को निकलने की अनुमति नहीं देगा। सूत्र ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए सीजफायर में भी एक दिन में पंद्रह जहाजों के आवागमन को स्वीकार किया गया है।
इन 15 जहाजों को भी ईरान से अनुमति लेनी होगी। इस क्षेत्र का पूरा सुरक्षा ढांचा आईआरजीसी संचालित करेगी। इस समझौते के आधार पर युद्ध पूर्व की स्थिति पर वापस आना अभी दूर की बात है। सीजफायर पर सहमति बनने के बाद पश्चिम एशिया में भले ही धमाकों की आवाज थम गई हों, लेकिन इस युद्ध का असर अभी भी नजर आ रहा है।
युद्ध के पहले प्रतिदिन करीब 60 जहाजों को सुरक्षित रूप से रास्ता देने वाले होर्मुज में पिछले 24 घंटों में केवल 7 जहाज निकल सके हैं। इनमें से भी ज्यादातर जहाज चीन के हैं। पाकिस्तान की तरफ से लगातार यह दावा किया जाता रहा है कि ईरान के साथ समझौते के तहत वह हर दिन दो जहाज होर्मुज से निकालने की क्षमता रखता है, लेकिन अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।(भाषा)
यह भी पढ़े– ईरान के यूरेनियम पर पूरी नजर – डोनाल्ड ट्रंप
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



