जयपुर : भीलवाड़ा में दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में तीन की मौत, एक घायल
जयपुर, भीलवाड़ा जिले के नाथून गांव के पास रविवार सुबह दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह हादसा रविवार सुबह करीब नौ बजे जहाजपुर थाना क्षेत्र के नाथून गांव के पास हुआ। जहाजपुर थाने के थानाधिकारी लोकपाल सिंह ने बताया कि दो मोटरसाइकिल पर चार युवक सवार थे। तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत हो गईं। मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई थी। चारों युवकों को एम्बुलेंस से जहाजपुर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में हनुमाननगर थाना क्षेत्र के टिकड़ गांव निवासी जितेंद्र (35) और इंटुदा के रहने वाले नरेंद्र (36) की मौत हो गई। दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार शक्करगढ़ जोजर कस्बा निवासी विशाल (19) की भी मौत हो गयी। विशाल के साथ मोटरसाइकिल पर सवार उसी के गांव का राहुल (18) अस्पताल में भर्ती है।
यह भी पढ़े: महाराष्ट्र : दो समूहों के बीच झड़प, एक घायल
थानाधिकारी ने बताया कि विशाल और राहुल दोनों प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दोनों राजस्थान स्टेट सर्टिफिकेट इन इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की परीक्षा देने जोझर गांव से जहाजपुर आ रहे थे। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार जितेंद्र और नरेंद्र भी दोस्त थे। वे किसी काम के सिलसिले में घर से निकले थे। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सपुर्द कर दिए गए। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



