जन नायकन’ के दृश्य लीक, निर्माताओं की कानूनी कार्रवाई

चेन्नई, तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ के कई दृश्य सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही हाई डेफिनिशन (एचडी) में ऑनलाइन लीक हो गये, जिससे बाद फिल्म निर्माताओं ने तुरंत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस घटना के बारे में शुक्रवार की सुबह पता चला, जिसमें अभिनेता के पांच मिनट के परिचय दृश्य और ‘टाइटल कार्ड’ समेत कई क्लिप ‘एक्स’, व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया मंच पर व्यापक रूप से प्रसारित हुईं। सूत्रों के अनुसार, यह फुटेज किसी निजी स्क्रीनिंग या फिल्म निर्माण के बाद के सत्र के दौरान रिकॉर्ड किया गया हो सकता है।
फिल्म निर्माण कंपनी ‘केवीएन प्रोडक्शंस’ ने अपने कानूनी सलाहकार विजयन सुब्रमणियन के माध्यम से एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर पुष्टि की है कि ‘‘कुछ दृश्यों को अवैध रूप से प्राप्त किया गया है और प्रसारित किया गया है’’। वकील ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि जब नोटिस का मसौदा तैयार किया गया था, तब केवल कुछ ही दृश्य लीक हुए थे।
सुबह से ही पूरी फिल्म के ‘लिंक’ ऑनलाइन प्रसारित किए जा रहे हैं। नोटिस में चेतावनी दी गई थी कि व्हाट्सएप, टेलीग्राम और अन्य मंचों पर इस तरह की सामग्री को डाउनलोड करना या प्रसारित करना एक गंभीर आपराधिक अपराध और कॉपीराइट उल्लंघन है, जिससे इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति उत्तरदायी होगा।
फिल्म के लिंक को ऑनलाइन प्रसारित न करें
वकील ने कहा, ‘‘मुवक्किल ने पहले ही चिह्नित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।’’ उन्होंने हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसी बीच, अभिनेता शिवकार्तिकेयन ने पायरेसी का कड़ा विरोध करते हुए दर्शकों से लीक हुई सामग्री से बचने और सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज का इंतजार करने का आग्रह किया।
शिवकार्तिकेयन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हर फिल्म सैकड़ों लोगों के जुनून, खून-पसीने और मेहनत से बनती है – कृपया पायरेसी से बचें। कृपया सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज होने का इंतजार करें और इसे सिनेमाघरों में देखें। इसके लिए जो भी जिम्मेदार है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।’’ प्रख्यात फिल्म निर्माता और उद्योग विश्लेषक जी धनंजयन ने भी तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘फर्जी हैंडल का इस्तेमाल करके ट्वीट पर वीडियो साझा करने वाले सभी लोगों को साइबर प्रकोष्ठ द्वारा तुरंत ‘ब्लॉक’ किया जाना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि उन्होंने चेन्नई के क्षेत्रीय सेंसर अधिकारी से बात की और उन्हें इस अत्यावश्यक मामले की जानकारी दी।
रक्षा बलों के कथित आपत्तिजनक चित्रण
धनंजयन ने कहा, ‘‘वह दिल्ली स्थित सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को सभी लिंक हटाने और वीडियो एवं लिंक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध करते हैं।’’ यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब यह फिल्म केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के साथ महीनों से जारी कानूनी लड़ाई में फंसी हुई है।
विजय के प्रशंसक विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर एक-दूसरे से आग्रह कर रहे हैं कि वे फिल्म के लिंक को ऑनलाइन प्रसारित न करें। पहले यह फिल्म 10 जनवरी को रिलीज होने वाली थी लेकिन रक्षा बलों के कथित आपत्तिजनक चित्रण के बारे में एक शिकायत के मद्देनजर बोर्ड द्वारा प्रमाणन देने से इनकार किये जाने के बाद इसकी रिलीज को टाल दिया गया था। (भाषा)
यह भी पढ़े– किशन रेड्डी ने लिया नामपल्ली रेलवे स्टेशन विकास कार्यों का जायजा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



