केसीआर से मिलकर भावुक हुए जीवन रेड्डी
हैदराबाद, कांग्रेस से नाता तोड़ चुके पूर्व मंत्री टी. जीवन रेड्डी ने भारत राष्ट्र समिति (भारास) प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव से एर्रावेल्ली स्थित फार्म हाउस में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जीवन रेड्डी भावुक हो गए।
ज्ञातव्य है कि भारास कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री केटीआर ने जीवन रेड्डी के जग्तियाल स्थित आवास पर जाकर केसीआर की ओर से बीआरएस में शामिल होने का निमंत्रण दिया था, उसी के अंतर्गत आज पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी ने केसीआर से शिष्टाचार भेंट की, जिनका केसीआर ने गले लगाकर स्वागत किया। केसीआर से मिलने के बाद भावुक हुए जीवन रेड्डी ने कहा कि अन्ना तुम्हारे साथ कार्य करने के लिए भगवान ने भेजा है।
सूत्रों के अनुसार, जीवन रेड्डी बीआरएस की 27 अप्रैल को प्लीनरी से पहले सोमवार 20 अप्रैल को जग्तियाल में आयोजित विशाल जनसभा में केसीआर के समक्ष अपने समर्थकों के साथ बीआरएस में शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार, केसीआर ने कई विषयों पर पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी के साथ लंबी चर्चा की और पार्टी में समुचित स्थान देने का आश्वासन दिया। इस दौरान जीवन रेड्डी की पुत्र वधू व पुत्र वसंत सुरेश भी उपस्थित हुए।
यह भी पढ़ें… उत्तम कुमार रेड्डी ने धान खरीद के लिए केंद्र से माँगा सहयोग
कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में रहे उपस्थित
एर्रावेल्ली पहुंचे पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी का बीआरएस कार्यकारी अध्यक्ष के. तारक रामाराव, पूर्व मंत्री व विधायक वेमुला प्रशांत रेड्डी, पूर्व विधायक कल्वाकुंट्ला विद्यासागर राव ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इनके अलावा विधायक डॉ. संजय, पूर्व मंत्री गंगुला कमलाकर, पूर्व मंत्री कोप्पुला ईश्वर, पूर्व राज्यसभा सदस्य जोगिनापल्ली संतोष राव, पूर्व विधान परिषद सदस्य एल. रमणा, रागिडी लक्ष्मा रेड्डी, मारेड्डी श्रीनिवास रेड्डी आदि उपस्थित थे।
केसीआर से भेंट के बाद बाहर आए पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी ने कब बीआरएस में शामिल होंगे, इसकी कोई जानकारी तो नहीं दी लेकिन कांग्रेस पर बरसते हुए कहा कि राज्य में अब कांग्रेस पीछे की ओर लौटने लगी है, वहीं कांग्रेस हाईकमान भी तेलंगाना में कांग्रेस से पकड़ खो चुका है। पूर्व मंत्री कोप्पुला ईश्वर व एल. रमणा ने मीडिया के समक्ष हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि केसीआर के साथ जीवन रेड्डी जैसे अनुभवी नेता का काम करने आना खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि जग्तियाल में बीआरएस की भारी जनसभा का आयोजन किया जाएगा, उसके बाद से केसीआर के नेतृत्व में निरंतर जनसमस्याओं तथा केंद्र व राज्य सरकार की विफलताओं के खिलाफ आंदोलन किए जाएंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



