एमसीआर एचआरडी में ग्रुप-1 अधिकारियों हेतु संयुक्त फाउंडेशन पाठ्यक्रम आरंभ
हैदराबाद, डॉ. एमसीआर एचआरडी संस्थान में तेलंगाना सरकार के 228 ग्रुप-1 अधिकारियों के दूसरे बैच के लिए संयुक्त फाउंडेशन कोर्स आरंभ हुआ। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, डॉ. एमसीआर एचआरडी संस्थान की उपाध्यक्ष एवं महानिदेशक शांति कुमारी ने ग्रुप-1 सेवाओं में चयनित होने के लिए अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना राज्य के भविष्य को आकार देने में ग्रुप-1 अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस कड़ी में जनता विशेषकर वंचितों की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही उनकी सफलता का सच्चा मापदंड होगी।
शांति कुमारी ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को नवनियुक्त ग्रुप-1 अधिकारियों से उच्च अपेक्षाएँ हैं। इस क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा इन अधिकारियों को इस प्रकार सशक्त बनाने की सलाह दी कि वह न केवल तेलंगाना राज्य के विकास में योगदान दें, बल्कि जनहितैषी दृष्टिकोण अपनाएँ और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएँ। शांति कुमारी ने कहा कि फाउंडेशन कोर्स में मानवीय दृष्टिकोण से विकास, उभरती चुनौतियों तथा फील्ड विजिट से संबंधित मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया गया, ताकि ग्रुप-1 अधिकारियों के ज्ञान, कौशल तथा क्षमताओं को व्यापक तथा अद्यतन बनाए रखा जा सके।
यह भी पढ़ें… प्रशिक्षु अधिकारियों को सौंपी गयी स्वच्छता कार्यों की निगरानी
अधिकारियों से ग्रामीण चुनौतियों का स्थायी समाधान खोजने का आह्वान
विशेष सचिव (वित्त) सिक्ता पटनायक ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए ग्रुप-1 अधिकारियों से अपील की कि वह केवल सैद्धांतिक प्रशासन तक सीमित न रहें, बल्कि दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के हितधारकों तक पहुँचने के लिए प्रतिबद्ध रहें। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों द्वारा सामना की जा रही लगातार चुनौतियों तथा समस्याओं का स्थायी समाधान खोजने के लिए नवीन रणनीतियों की अवधारणा तथा उभरती प्रौद्योगिकियों के उपयोग का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शांति कुमारी तथा सिक्ता पटनायक द्वारा पाठ्यक्रम नियमावली जारी की गई। साथ ही प्रतिभागी अधिकारियों को भारत के संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षु अधिकारी के. सत्यवेदा ने उद्घाटन समारोह की कार्यवाही का संचालन किया। धन्यवाद ज्ञापन पाठ्यक्रम निदेशक एच. अरुण कुमार ने दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



