पीठ में छुरा घोंपने का दूसरा नाम कड़ियम श्रीहरि : कोप्पुला ईश्वर
हैदराबाद, पूर्व मंत्री कोप्पुला ईश्वर ने बीआरएस के टिकट पर जीतकर कांग्रेस में शामिल हुए दलबदलू विधायक कड़ियम श्रीहरि की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पीठ में छुरा घोंपने का दूसरा नाम कड़ियम श्रीहरि है। रंग बदलने के मामले में कड़ियम को देखकर गिरगिट भी शर्मा जाए।
पूर्व मंत्री कोप्पुला ने कहा कि कड़ियम श्रीहरि राजनीतिक सत्ता के लिए चाहे जितनी पार्टियाँ भी बदलने के लिए तैयार रहते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एन.टी. रामाराव की पीठ में छुरा घोंपकर मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायुडू की गोद में बैठे कड़ियम श्रीहरि ने टीडीपी में मंत्री पद का सुख भोगा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना आंदोलन से प्रत्यक्ष कोई संबंध तक नहीं रखने वाले कड़ियम श्रीहरि केसीआर की पार्टी तत्कालीन बीआरएस में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें… विपक्ष के रूप में कांग्रेस-बीजेपी विफल : कविता
केसीआर ने कड़ियम को सांसद, विधायक, उप मुख्यमंत्री का पद देकर सम्मान दिया, लेकिन उन्होंने राजनीतिक हितों के लिए केसीआर की पीठ में छुरा घोंप दिया और स्वार्थसिद्धि हेतु मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के पक्ष में खड़े होकर कांग्रेस में शामिल हुए और पुत्री को सांसद बनवा लिया।
पूर्व मंत्री ने कड़ियम श्रीहरि को चुनौती देते हुए कहा कि यदि शर्म बची है, तो केसीआर के दिए बी-फार्म पर चुनाव जीतकर हासिल किये विधायक पद से तुरंत त्याग पत्र दें। कोप्पुला ने केसीआर के प्रति कड़ियम श्रीहरि द्वारा की गई टिप्पणी पर बिना शर्त माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि अवश्य ही केसीआर तेलंगाना के राष्ट्रपिता हैं और जनता ने उन्हें यह सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि केसीआर को तेलंगाना का राष्ट्रपिता किसने बनाया पूछने वाले कड़ियम को पता होना चाहिए कि जनता ही केसीआर को तेलंगाना का राष्ट्रपिता मान रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



