कटरीना कैफ: 14 की उम्र में मॉडलिंग से बॉलीवुड हिट्स तक
मुंबई, कटरीना कैफ , आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। भारत की ‘बार्बी गर्ल’ कही जाने वाली कैटरीना ने न सिर्फ बॉलीवुड में एक सफल करियर बनाया है, बल्कि सालों से फैंस के दिलों पर भी राज किया है। इस खास मौके पर आज उनके जीवन, परिवार और फिल्मी सफर पर डालते हैं एक नजर।
शुरुआती जीवन और पारिवारिक पृष्ठभूमि
‘रेस’ फिल्म की यह अदाकारा हांगकांग में जन्मी थीं और बचपन के दिनों में कई अलग-अलग देशों में रही थीं, बाद में लंदन में बस गईं। उनके पिता मोहम्मद कैफ कश्मीरी मूल के हैं जबकि उनकी मां सुज़ैन टरकोट ब्रिटिश हैं। अपने बहुसांस्कृतिक अनुभवों की वजह से कटरीना को अलग-अलग भाषाओं और संस्कृतियों को समझने का अवसर मिला, जो उनके अभिनय करियर में भी नजर आता है। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने लंदन में मॉडलिंग करना शुरू किया और यहीं से उनके करियर की शुरुआत हुई।
माता-पिता का अलगाव और परवरिश

कटरीना के माता-पिता का तलाक तब हुआ जब वह बहुत छोटी थीं। इसके बाद कटरीना और उनके भाई-बहनों की परवरिश उनकी मां ने की, जो एक वकील और समाजसेवी थीं।
ऐसा माना जाता है कि तलाक के बाद उनके पिता अमेरिका चले गए और कटरीना की उनसे अब तक मुलाकात नहीं हुई।
इस पारिवारिक स्थिति ने कटरीना को कम उम्र में ही आत्मनिर्भर और मजबूत बना दिया। उन्होंने हर चुनौती का सामना मुस्कुराहट के साथ किया और खुद को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अपने कठिन बचपन के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और आज उसी संघर्ष ने उन्हें एक सफल अभिनेत्री बना दिया है।
मां के साथ खास रिश्ता

कटरीना अक्सर अपनी मां को अपनी ताकत और सफलता का श्रेय देती हैं। उन्होंने कई इंटरव्यू में कहा है कि आज वह जो कुछ भी हैं, उसमें उनकी मां का बहुत बड़ा योगदान है।उनकी मां ने अकेले ही बच्चों की परवरिश की और हर मुश्किल घड़ी में उन्हें सहारा दिया। कटरीना कहती हैं कि उनकी मां ने उन्हें आत्मनिर्भर बनना सिखाया और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यही वजह है कि वह अपने जीवन के हर अहम फैसले में मां की राय को सबसे ज़्यादा महत्व देती हैं।
कैट का पारिवारिक संबंध

वह एक बड़े परिवार से आती हैं और अपने भाई-बहनों के बेहद करीब हैं। उनकी तीन बड़ी बहनें, तीन छोटी बहनें और एक बड़ा भाई है। उनकी सबसे बड़ी बहन स्टेफनी टरकोट बेहद निजी स्वभाव की हैं। उनके भाई सेबास्टियन टरकोट फर्नीचर डिजाइनर हैं और साहसिक गतिविधियों का आनंद लेते हैं।
तीसरी बहन क्रिस्टीन टरकोट एक गृहिणी हैं। एक बहन ज्वेलरी डिजाइनर हैं, जबकि मेलिसा टरकोट अपने प्रोफेशनल काम के लिए जानी जाती हैं। उनकी छोटी बहन इसाबेल कैफ एक मॉडल हैं और वर्तमान में बॉलीवुड में अपना करियर बनाने की कोशिश कर रही हैं। सबसे छोटी बहन सोनिया फैशन फोटोग्राफर हैं और उन्होंने रचनात्मक क्षेत्र में अपना रास्ता खुद तय किया है।
यह भी पढ़े: फिल्म और ओटीटी के लिए काम करना चाहती हैं एरिका पैकर्ड
कम उम्र में काम की शुरुआत

कटरीना ने 14 साल की उम्र में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। अपने मॉडलिंग दिनों के दौरान उन्हें पहली फिल्म ‘बूम’ (2003) में काम करने का मौका मिला। इसके बाद उन्होंने कई विज्ञापनों में काम किया और तेलुगु फिल्म ‘मल्लेश्वरी’ में भी नजर आईं। इसके बाद वह ‘सरकार’ में दिखीं, लेकिन असली पहचान उन्हें ‘मैंने प्यार क्यों किया’ (2005) से मिली, जिसमें वह सलमान खान के साथ नजर आईं।
यह फिल्म उनके करियर की दिशा बदलने वाली साबित हुई। इसके बाद ‘नमस्ते लंदन’ (2007) जैसी रोमांटिक कॉमेडी ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया। उन्होंने ‘रेस’ (2008), ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ (2009), ‘राजनीति’ (2010), ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ (2011), ‘एक था टाइगर’ (2012), ‘धूम 3’ (2013) और ‘बैंग बैंग’ (2014) जैसी हिट फिल्मों में काम किया।
सबसे सफल फिल्म
उनकी सबसे सफल फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ (2017) रही, जिसने दुनियाभर में ₹558 करोड़ की कमाई की। यह अब तक की उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म है। इस फिल्म में उन्होंने ज़ोया का किरदार निभाया था, जो एक साहसी और मजबूत महिला एजेंट के रूप में दर्शकों को खूब पसंद आया। सलमान खान के साथ उनकी जोड़ी को भी इस फिल्म में खूब सराहा गया।
‘टाइगर जिंदा है’ की सफलता ने कटरीना को एक एक्शन हीरोइन के रूप में स्थापित किया और उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



