खरतरगच्छ जैन संघ : नव निर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन
हैदराबाद, खरतरगच्छ जैन श्री संघ द्वारा स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन कारवान स्थित जिनकुशल दादावाड़ी जैन मंदिर परिसर में किया गया।





कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर में दादागुरुदेव के इकतीसे के पश्चात पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भोजन के उपरांत आम सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वर्तमान अध्यक्ष ललित कुमार संकलेचा ने की। स्वागत भाषण में उन्होंने सभी सदस्यों का अभिनंदन करते हुए तीन वर्षों के लिए नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
सभा में हस्तीमल हुंडिया, केयुप अध्यक्ष रमेश पारख एवं ज्ञानवाटिका के प्रमुख विक्रम सिंह ढड्ढा ने विचार व्यक्त करते हुए कार्यकारिणी को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रायचंद छाजेड़ एवं महासचिव ओम प्रकाश हुंडिया ने सर्वसम्मति से चयनित किए जाने पर संघ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में समर्पित भाव से कार्य करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान वर्तमान महासचिव जसराज बाफना ने अतिथियों एवं सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए स्नेह मिलन को सफल बनाने में सहयोग करने वालों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने खरतरगच्छाधिपति आचार्य महाराज के आगामी चातुर्मास में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया। दादावाड़ी के मंत्री और कुलपाकजी में 1400 साल के आगामी आयोजन के प्रमुख संयोजक बसंत बाफना ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए सभी शे तन, मन और धन से इसमें सहयोग देने का आग्रह किया।
संघ ने अभिनंदन पत्र भेंट कर स्नेह मिलन में सम्मान व्यक्त किया
स्नेह मिलन के प्रमुख लाभार्थी मोहनीदेवी मूलचंद बाफना (हिरोनी परिवार, मरुधर में पादरू, फर्म : जे.के. क्रॉकरी) का संघ एवं परिजनों द्वारा साफा, चुनरी, तिलक एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। संघ की ओर से अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। दसवें स्नेह मिलन का लाभ प्रभातकुमार रतनलाल बोथरा परिवार और एक दिवसीय तीर्थ यात्रा का लाभ ओखी देवी मुल्तानमल संकलेचा रासोनी परिवार (मरुधर में पादरू, फर्म : प्रीतम कॉस्मेटिक) होंगे।
यह भी पढ़ें… एस.आर. नगर में सनातन धर्म-ध्यान महा संगम
नव निर्वाचित पदाधिकारियों रायचंद छाजेड़, ओम प्रकाश हुंडिया, कांतिलाल संकलेचा, मूलचंद बाफना, किशोर कटारिया संघवी एवं सुखराज कांकरिया का संघ की ओर से अभिनंदन किया गया। इस दौरान बच्चों को उपहार वितरित किए गए। साथ ही ज्ञानवाटिका के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। मंच संचालन उत्तम कुमार संकलेचा ने किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



