कोंडागट्टू हनुमान मंदिर का होगा तितिदे जैसा विकास : बंडी संजय
भाजपा का मेयर बनने की मन्नत पूरी होने पर की अंजन्ना आशीर्वाद यात्रा
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार बनने पर पवित्र तीर्थ कोंडागट्टू हनुमान मंदिर का तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् (तितिदे) की तर्ज पर विकास करने का आश्वासन दिया।
म्युनिसिपल चुनाव के दौरान करीमनगर में भाजपा का मेयर बनने पर कोंडागट्टू हनुमान मंदिर पदयात्रा करते हुए पहुंचने की मांगी गई मन्नत पूरी करते हुए आज केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने कड़ी धूप में 11 घंटों तक 40 किमी अंजन्ना आशीर्वाद यात्रा पूरी की।

अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर कोंडागड्डू अंजन्ना मंदिर में बड़ी संख्या में उपस्थित होने वाले भक्तों की सुविधार्थ गेस्ट हाउस व कॉटेज निर्माण कराए जाएंगे, वहीं विशाल अन्नप्रसाद भवन भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर में हनुमान दीक्षा पूरी करने आने वाले भक्तों के लिए दीक्षा विरमणा मंडपम की भी व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश की एनडीएस सरकार ने कोंडागट्टू मंदिर को निधियां दी हैं, क्योंकि वहां डबल इंजन सरकार है।
भाजपा करेगी कोंडागड्डू-अंजन्ना मंदिर समेत मंदिरों का विकास प्रयास
इसलिए संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भाजपा की सरकार बनने पर कोंडागड्डू अंजन्ना मंदिर, वेमुलवाड़ा राजन्ना मंदिर व इल्लेंदुकुंटा को टेम्पल कॉरिडोर बनाने के प्रयास भी किए जाएंगे। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि मंदिर के विकास हेतु पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सरकार को केंद्र की प्रसाद स्कीम का हवाला देकर मंदिर के विकास के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने का आग्रह किया गया था, परंतु पूर्व बीआरएस सरकार ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्ताव भेजे जाते तो मंदिर के लिए निधियां मिलती थीं।

करीमनगर के महाशक्ति मंदिर में सुबह 7 बजे पूजन करके केंद्रीय मंत्री बंडी संजय की राजनीति से ऊपर उठते हुए भारी संख्या में भगवा ब्रिगेड के साथ की गई आध्यात्मिक पदयात्रा में भैंसा म्युनिसिपल चेयरमैन तुम्मला दत्तात्रेय, करीमनगर से संबंधित महापौर, उपमहापौर, भाजपा के 108 सरपंच के साथ उप सरपंच, 450 वार्ड मेंबर, 54 कॉर्पोरेटरों के अलावा विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पदयात्रा में मधुमक्खियों का हमला
पदयात्रा में डीजे साउंड के चलते बीच राह में आए रामडुगू मंडल कोसरावपेट में हुई घटना में एक पेड़ पर स्थित छत्ते से निकलीं मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे केंद्रीय मंत्री बंडी संजय तो सतर्क होकर बच गए, लेकिन 3 पार्षद व 3 कार्यकर्ता घायल हो गए। इसके चलते उन्हें अस्पताल ले जाना पडा। 10वीं की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए अनुशासन में पदयात्रा 40 डिग्री कड़ी धूप में सफलतापूर्वक निकाली गई। मंदिर में हनुमानजी की विशेष पूजा करके केंद्रीय मंत्री ने देश व राज्य को संकटों से बचाने व जनता की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





