कोत्तागुड़ेम : टूरिस्ट गाइड, टैटू आर्टिस्ट गांजे के साथ पकड़े गए
कोत्तागुड़ेम, कोत्तागुड़ेम की वन-टाउन पुलिस ने वाराणसी में काम करने वाले टूरिस्ट गाइड और एक टैटू आर्टिस्ट को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए डीएसपी आदिनारायणा ने बताया कि रामू यादव तथा रामकृष्ण पवन कुमार को 9.9 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। रामू यादव हैदराबाद के मीरपेट का रहने वाला है।
वह काशी में टूरिस्ट गाइड के रूप में काम करता है, जबकि पवन कुमार कर्नाटक के बेंगलुरु का रहने वाला है और काशी के शिवाला घाट पर टैटू आर्टिस्ट है। उन्होंने बताया कि दोनों की दोस्ती काशी में हुई और धीरे-धीरे वे गांजा सेवन के आदी हो गए। इसी दौरान उन्हें आंध्र-ओडिशा सीमा पर दराकोंडा के पास सेलरू क्षेत्र में गांजा सस्ते दामों पर उपलब्ध होने की जानकारी मिली।
इसके बाद दोनों ने गांजा खरीदने की योजना बनाई और 18 मार्च को काशी से हैदराबाद के लिए रवाना हुए। हैदराबाद पहुंचकर उन्होंने 1 हजार रुपए प्रतिदिन के किराए पर एक मोटरसाइकिल ली और 21 मार्च को सेलरू के लिए निकले। अगले दिन वहां पहुंचकर उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति से 28,000 रुपए में 9.9 किलो गांजा के पांच पैकेट खरीदे। इसके बाद आरोपियों ने वहां पर कुछ दिनों तक इंतजार किया।
यह भी पढ़ें… निर्मल पुलिस का नवाचार ‘पुलिस अक्का’ राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
वे शनिवार को गांजा लेकर हैदराबाद लौट रहे थे, तभी शनिवार की रात पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई चल रही है। अवसर पर वन-टाउन थाना प्रभारी करुणाकर और सब-इंस्पेक्टर राकेश भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



