एनएमडीसी के निदेशक (कार्मिक) बने कृष्ण कुमार ठाकुर
हैदराबाद, भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आईआरपीएस) के 1998 बैच के अधिकारी कृष्ण कुमार ठाकुर ने भारत के सबसे बड़े लौह अयस्क उत्पादक एनएमडीसी लिमिटेड में निदेशक (कार्मिक) के रूप में कार्यभार संभाला।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भारतीय रेलवे और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में ढाई दशक की सेवा के साथ ठाकुर मानव संसाधन प्रबंधन और प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। उन्होंने सोलापुर, भोपाल, मुंबई सहित प्रमुख रेलवे डिवीजनों में महत्वपूर्ण मानव संसाधन कार्यों को संभाला है। पश्चिमी रेलवे के भर्ती प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के रूप में बड़े पैमाने पर उन्होंने भर्ती का नेतृत्व किया, जिसमें लगभग 12,000 कर्मचारियों की भर्ती की गई। आपके नेतृत्व में बड़े पैमाने पर भर्तियाँ करने, जटिल औद्योगिक संबंधों का प्रबंधन तथा उत्पादकता व कर्मचारी कल्याण को बढ़ाने के उद्देश्य से प्रगतिशील मानव संसाधन पहलें प्रारम्भ की गयीं।
राइट्स (आरआईटीईएस) में कार्यकाल के दौरान वह सऊदी अरब में अंतरराष्ट्रीय ट्रेन संचालन परियोजना से जुड़े थे। उन्होंने कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड (केआरसीएल) में मानव संसाधन विभाग का भी नेतृत्व किया, जहाँ मानव संसाधन नीतियों और प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें… बजट आँकड़ों का खेल : भाजपा
कार्यबल क्षमता बढ़ाने और नीतिगत बदलाव की पहल
एनएमडीसी में कार्यभार संभालने से पूर्व बीएचईएल में निदेशक (एचआर) के रूप में ठाकुर ने एचआर, विधि और एचएसई में कई पहलों का नेतृत्व किया, जिसमें कार्यप्रणालियों का पुनर्गठन, नीतिगत सुधार, एक समान प्रोत्साहन योजना की शुरुआत, कार्यबल की क्षमता बढ़ाने और उन्हें कंपनी में बनाए रखने के लिए बहुकौशल पहल शामिल हैं। उन्होंने कामगारों की तैनाती में गतिशीलता को बढ़ाने और उसे बनाए रखने के लिए श्रम शेड के मानक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने तिलका मांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर से साहित्य में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की और टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस) से मानव संसाधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा (पीजीडीएम-एचआर) किया।
भारतीय रेलवे और बड़े सीपीएसई में मानव संसाधन में ठाकुर का अनुभव एनएमडीसी के जन-केंद्रित पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में सहायक होगा। साथ ही संगठनात्मक लक्ष्यों के साथ कर्मचारी विकास को संरेखित करेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





