पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी से मिले केटीआर, बीआरएस में शामिल होने का निमंत्रण
हैदराबाद, भारास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने जग्तियाल जिले से संबंधित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी से भेंट कर बीआरएस में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस पर जीवन रेड्डी ने कहा कि एक बार भारास प्रमुख केसीआर के साथ मिलकर चर्चा के बाद अपना निर्णय सुनाएँगे।
भारास प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के आदेशों पर केटीआर ने पार्टी नेताओं के साथ प्रतिनिधिमंडल के रूप में जग्तियाल स्थित जीवन रेड्डी के आवास पर उनसे मुलाकात की। ज्ञातव्य है कि करीब 4 दशकों से कांग्रेस में रहे पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी ने हाल में पार्टी को त्याग-पत्र दे दिया था।
जीवन रेड्डी की सकारात्मक प्रतिक्रिया का दावा
केटीआर ने कहा कि जीवन रेड्डी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। केसीआर के साथ व्यक्तिगत रूप से अच्छे संबंध होने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि जीवन रेड्डी ने जल्द ही केसीआर के साथ भेंट करने तथा चर्चा के बाद 2 या 3 दिनों में निर्णय सुनाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना प्रगति पथ पर आगे बढ़े और केसीआर फिर मुख्यमंत्री बनें, इसके लिए पार्टी में अनुभवी नेताओं की जरूरत है।
इसलिए वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री जीवन रेड्डी से सहयोग पूछा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पिछले 4 दशकों से अधिक समय तक सेवा देने वाले जीवन रेड्डी कटिबद्ध नेता हैं। वर्ष 2014 के दौरान केसीआर ने बीआरएस में शामिल होने के लिए जीवन रेड्डी से आग्रह किया था। उस समय कांग्रेस पार्टी के प्रति कटिबद्धता के चलते जीवन रेड्डी बीआरएस शामिल नहीं हुए। उन्होंने कहा कि केसीआर के साथ भी जीवन रेड्डी के पिछले 4 दशकों से व्यक्तिगत तौर पर अच्छे संबंध रहे हैं।
जीवन रेड्डी जब विपक्ष में थे, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री केसीआर से करीमनगर के विकास हेतु निधियाँ पूछने पर तुरंत केसीआर ने मंजूरी दी थी। निजाम शुगर्स के मुद्दे को लेकर जीवन रेड्डी के आंदोलन का उल्लेख करते हुए केटीआर ने कहा कि विधानसभा में जीवन रेड्डी किसानों के पक्ष में मजबूती से लड़ते थे। उन्होंने कहा कि जीवन रेड्डी का बीआरएस में शामिल होना पार्टी को नई ताकत देगा।
यह भी पढ़ें… दाई सेवाओं पर तैयार की जाएगी विशेष नीति : दामोदर राजनरसिम्हा
अपमान के आरोपों के बाद जीवन रेड्डी का इस्तीफा
जीवन रेड्डी ने गत 25 मार्च को कांग्रेस पार्टी से त्याग-पत्र देने का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ 40 सालों का रिश्ता तोड़ने से जो भावेद्वेग हुआ था, आज केसीआर के साथ काम करने का निमंत्रण मिलने पर उतनी ही खुशी हो रही है। पिछले 20 माह से कई अपमान झेले, आखिरकार इस्तीफा देना ही पड़ा।
जीवन रेड्डी ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए संयुक्त आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री रहे मर्री चेन्ना रेड्डी, विजयभास्कर रेड्डी, नंदमूरी तारक रामाराव, डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी, नारा चंद्रबाबू नायुडू सरकार का नाम लेते हुए कहा कि तेलंगाना गठन के बाद केसीआर के 10 साल का शासन देखा, इसमें जो विकास राज्य का हुआ है, अब लगा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी फिर से राज्य को पीछे ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को फीस रीअंबर्समेंट का लाभ तक नहीं दे रही राज्य सरकार देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है ।
अवसर पर पूर्व मंत्री व विधायक वेमुला प्रशांत रेड्डी, विधायक डॉ. संजय, विधायक पाडी कौशिक रेड्डी, पूर्व मंत्री कोप्पुला ईश्वर, पूर्व मंत्री गंगुला कमलाकर, पूर्व विधान परिषद सदस्य एल. रमणा, पूर्व विधायक के. विद्यासागर राव, दामोदर राव व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



