काजीपेट को नया रेलवे डिवीजन बनाने की माँग, केटीआर ने पत्र लिखा
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने काजीपेट को नया रेलवे डिवीजन बनाने की मांग करते हुए केद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा।
बीआरएस राज्यसभा सदस्य वड्डी राजू रविचंद्रा, राज्यसभा सदस्य के.आर. सुरेश रेड्डी, दामोदर राव व पूर्व विधायक शंकर नायक आदि ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भेंट करके केटीआर के पत्र की प्रति सौंपी, जिसमें केटीआर ने कहा कि काजीपेट डिवीजन बनाने से कार्यों का विकेंद्रीकरण होगा, प्रशासनिक सुविधा बेहतर होगी।
यह भी पढ़ें… राज्य पर कर्ज़ का बोझ बढ़ा रही है सरकार : कविता
उत्तर और पूर्वी तेलंगाना में रेल सेवा सुधार पर जोर
विशेषकर उत्तर व पूर्वी तेलंगाना क्षेत्र में रेल सेवा में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित काजीपेट डिवीजन में काजीपेट – बल्लारशाह, पेद्दापल्ली – निजामाबाद, दोर्नाकल – मुनुगुरू व सत्तुपल्ली जैसे महत्वपूर्ण मार्गों को शामिल करने से 2 हजार ट्रैक किमी नेटवर्क को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जा सकता है। उन्होंने पेद्दापल्ली- निजामाबाद सेक्शन को हैदराबाद डिवीजन में शामिल किए जाने के प्रस्ताव पर आपत्ति जताते हुए इसे तुरंत ही वापस लेने की मांग की और इन्हें भौगोलिक संतुलन के मद्देनजर काजीपेट डिवीजन में ही रखने की सलाह दी।
मंत्री ने लातूर रोड – परली वैजनाथ सेक्शन को नांदेड़ डिवीजन में बदलने को लेकर किए जा रहे विचार पर पुनसमीक्षा करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सिकंदराबाद डिवीजन पर पड़ रहे आर्थिक भार से निर्णयों में हो रही देरी से चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, काजीपेट डिवीजन बनाने से यह चुनौतियां दूर होंगी। इसके अलावा भी पत्र में कुछ अन्य मुद्दों से केंद्रीय मंत्री को केटीआर ने अवगत कराया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



