केटीआर ने गैस किल्लत पर हरदीप सिंह को लिखा पत्र
हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने घरोलू रसोई गैस सिलेंडरों की किल्लत से अवगत कराते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तुरंत ही हस्तक्षेप करके समस्याओं को दूर करने की माँग की।
केटीआर ने केंद्रीय मंत्री पुरी को लिखे 4 पन्नों के पत्र में गैस की किल्लत के संकट को दूर करने विशेषकर गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करके तीन गुना दरों पर बेचने वालों पर कड़े कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार केवल बयानों तक सीमित न होकर जनता को राहत देने के लिए कदम उठाए। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि तेलंगाना में होटल एंड रेस्टोरेंट असोसिएशन ने 48 घंटे की चेतावनी देते हुए कहा है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति यदि सुचारू नहीं की गई तो राज्य में 90 प्रतिशत होटल बंद करने की परिस्थितियां निर्माण होंगी।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद में एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग पर औचक निरीक्षण
केटीआर ने सुझाव देते हुए कहा कि गैस की समस्या व असमंजस की स्थिति को दूर करने के लिए केंद्र सरकार को चाहिए कि जिला स्तर पर सिलेंडर आपूर्ति का विवरण देने के लिए डैश बोर्ड की व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को चाहिए कि छोटे आहार व्यापारियों, ठेला बंडी पर खाद्य पदार्थ बेचने वालों का वर्गीकरण करके प्रमुखता के आधार पर सिलेंडर वितरण किए जाएं। उन्होंने कहा कि आईटी कॉरिडोर में सेवा देने वालों के पीजी हॉस्टलों को तथा गैस सिलेंडर पर निर्भर शमशान वाटिकाओं को अत्यावश्यक सेवाओं के तौर पर मानकर विशेष तौर पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं। इसके अलावा संकट के समय सिलेंडरों की दरें न बढ़ें, इसलिए नियंत्रण कसने की मांग की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



