‘लेनिन’ की रिलीज टली, ‘पेड्डी’ से क्लैश टाला

मुंबई: अखिल अक्कीनेनी अभिनीत फिल्म ‘ लेनिन’ के निर्माताओं ने राम चरण की फिल्म ‘ पेड्डी’ से टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज तिथि 26 जून तक आगे बढ़ा दी है । पहले यह फिल्म 1 मई को रिलीज होने वाली थी। फिल्म की रिलीज में देरी की सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से दर्शकों को दी गई।
“लेनिन की रिलीज, जो मूल रूप से 1 मई को निर्धारित थी, अब स्थगित कर दी गई है। हमारे प्रिय मेगा पावर स्टार राम चरण की फिल्म पेड्डी 30 अप्रैल को आ रही है, इसलिए हमें लगता है कि सकारात्मक और स्वस्थ वातावरण में सिनेमा का जश्न मनाने का यह सही समय है।
हम सभी राम चरण गारू और अखिल गारू के बीच के गहरे रिश्ते को जानते हैं और यह भी जानते हैं कि अखिल गारू हमेशा से उनके शुभचिंतक रहे हैं। यह निर्णय अत्यंत सम्मान और आदर के साथ लिया गया है,” फिल्म निर्माताओं ने बताया। इसके अलावा, उन्होंने रिलीज की तारीख की घोषणा भी की।
आगे कहा, “लेनिन 26 जून 2026 को विश्व भर में रिलीज़ होगी। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि लेनिन सिनेमा का एक संपूर्ण उत्सव होगा, जो हर भावना से परिपूर्ण होगा और टीम द्वारा सर्वश्रेष्ठ रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। हम आपको बड़े पर्दे पर सर्वोत्तम संभव अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आपके निरंतर प्रेम और समर्थन के लिए धन्यवाद।”
लेनिन एक एक्शन ड्रामा फिल्म है जिसकी कहानी एक गांव के परिवेश पर आधारित है। यह एक गहन प्रेम कहानी के साथ-साथ एक सामाजिक मुद्दे को भी उठाती है। फिल्म का निर्देशन मुरली किशोर ने किया है और भाग्यश्री बोरसे इसमें सह-कलाकार की भूमिका निभा रही हैं। इससे पहले श्रीलीला को सह-कलाकार के रूप में कास्ट किया गया था, लेकिन एक अन्य प्रोजेक्ट में व्यस्तता के कारण उन्होंने फिल्म छोड़ दी।
वहीं, पेड्डी एक ऐसी फिल्म है जो ग्रामीण इलाके में खेले जाने वाले क्रिकेट मैच पर आधारित है। जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, दिव्येंदु शर्मा, जगपति बाबू, बोमन ईरानी और कई अन्य कलाकार इस फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की कहानी बुची बाबू सना ने लिखी और निर्देशन किया है। पहले इसे 27 मार्च 2026 को रिलीज करने की घोषणा की गई थी, लेकिन कुछ लंबित कार्यों के कारण रिलीज में देरी हुई। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



