नुकसान उद्देश्य नहीं, लेकिन बाधाएँ हटानी होंगी : रेवंत रेड्डी

हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि शहर को उत्कृष्ट, बाधामुक्त और आदर्श बनाने के लिए कठोर कदम उठाने होंगे। अतिक्रमणों को हटाकर ही उचित विकास कार्य किये जा सकते हैं। फ्लाईओवर निर्माण और सड़कों को विस्तार के लिए बाधाएं हटानी होंगी। ऐसे में सरकार का कार्य किसी को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से नहीं होगा, बल्कि बाधाएं हटाने के लिए ऐसा करना आवश्यक है। इसलिए जनता को शहर के विकास के लिए सहयोग देना चाहिए।

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कुकटपल्ली में नल्लाचेरुवु तालाब के नवीनीकृत स्वरूप का उद्घाटन किया। अवसर पर उन्होंने कुकटपल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस क्षेत्र के लोगों ने उन्हें संसद तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि पहले जो कार्य संभव नहीं हो पाए थे, अब मुख्यमंत्री के रूप में उन्हें पूरा किया जा रहा है और विकास कार्यों के लिए आवश्यक निधियाँ उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य राजनीति करना नहीं, बल्कि विकास को आगे बढ़ाना है।

नल्लाचेरुवु विकास से स्थानीय लोगों में खुशी

तालाबों के पुनरुद्धार और हैद्रा की कार्रवाई को लेकर कई आरोप और आलोचनाएँ की गईं, लेकिन सरकार ने उन पर ध्यान दिए बिना काम जारी रखा। आज नल्ला चेरुवु के विकास के बाद हजारों लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दे रही है। सीएम ने कहा कि सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए भी प्रयास कर रही है और रिवर फ्रंट विकास से रोजगार उपलब्ध होंगे, इसलिए मूसी नदी के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शहर में बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में आ रहे हैं। वे जहाँ तहाँ सरकारी भूमि पर झोपड़ियाँ बनाकर रह रहे हैं।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान यदि किसी गरीब को नुकसान हुआ है तो उन्हें डबल बेडरूम घर दिए जाएंगे। सरकार का उद्देश्य किसी गरीब को बेघर करना नहीं है। मुख्यमंत्री ने बताया कि तालाबों और नालों पर अतिक्रमण होने से बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है और आसपास की कॉलोनियां जलमग्न हो जाती हैं। उन्होंने निज़ामपेट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहाँ बारिश के दौरान घरों में पानी भर गया था, लेकिन अब तालाब के पुनरुद्धार से उस समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद को एक बेहतर और विकसित शहर बनाने के लिए तालाबों का पुनरुद्धार किया जा रहा है।

तालाबों के आस-पास वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के लिए खेलकूद की सुविधाएं और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में खेल सकें। इस संबंध में हैद्रा आयुक्त और नगर निगम आयुक्त को लोगों की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विधायक माधव कृष्णा राव के अनुरोध पर नाले के लिए रिटेनिंग वाल का निर्माण भी किया जाएगा।

यह भी पढ़ें… नवीनीकृत विधान परिषद भवन का उद्घाटन किया सीएम रेवंत रेड्डी ने

दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू की समस्याओं से सीख ले रहा हैदराबाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कई बड़े शहरों में अलग-अलग समस्याएँ हैं। दिल्ली में प्रदूषण, मुंबई और बेंगलुरू में ट्रैफिक और चेन्नई में पानी की समस्या है। हैदराबाद में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए सरकार अभी से योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसलिए जनसहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हैदराबाद महानगर में ओआरआर के भीतर लगभग 1.34 करोड़ लोगों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण देने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। सरकार ने समस्याओं को समझने वाले सक्षम अधिकारियों की नियुक्ति की है। विकास के लिए आवश्यक धन उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी का नुकसान करना सरकार का उद्देश्य नहीं है, लेकिन विकास कार्यों में बाधा भी नहीं होनी चाहिए। सड़क विस्तारीकरण, फ्लाईओवर निर्माण और अन्य परियोजनाओं के लिए लोगों का सहयोग आवश्यक है। भविष्य में आसपास के अन्य तालाबों का भी पुनरुद्धार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कठिन समय में इस क्षेत्र के लोगों ने उनका साथ दिया है, इसलिए वे इस क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे और सभी के सहयोग से हैदराबाद को एक बेहतर और विकसित शहर बनाया जाएगा। अवसर पर हैद्रा आयुक्त एवी. रंगनाथ, विधायक माधव कृष्णा राव, अरिकापुड़ी गांधी, श्रीशैलम गौड़, नगर निगम आयुक्त सृजना, जल बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button