क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियां के हमले में बुजुर्ग अंपायर की मौत, कई खिलाड़ी जख्मी

उन्नाव/कानपुर (उप्र), उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के हमले में एक बुजुर्ग अंपायर की मौत हो गई तथा कई अन्य खिलाड़ी जख्मी हो गए।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज स्थित सप्रू मैदान में बुधवार को कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) द्वारा आयोजित किया जा रहे एक मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक मैदान पर मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि इस हमले से मैदान में अफरातफरी मच गई और खिलाड़ी व दर्शक जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मैच में अंपायरिंग कर रहे 65 वर्षीय माणिक गुप्ता मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले शुक्लागंज के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर एलएलआर अस्पताल (हैलट) कानपुर भेजा गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हैलट अस्पताल में चिकित्सकों ने गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में जख्मी कई खिलाड़ियों को भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है एसोसिएशन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस घटना में एक अन्य अंपायर और लगभग 15 से 20 खिलाड़ी भी डंक लगने से घायल हुए हैं। केसीए के पदाधिकारियों ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। केसीए के अध्यक्ष एसएन सिंह ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कानपुर में पीटीआई-भाषा को बताया कि उन्नाव में एक क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड के हमले में अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई है।

यह भी पढे़: भारत-पाक क्रिकेट मुकाबले से पहले श्रीलंका की राजधानी में कड़ी सुरक्षा

सिंह ने बताया कि जब गुप्ता को अस्पताल ले जाया गया तब भी मधुमक्खियां उनके चेहरे और शरीर से चिपकी हुई थीं जिससे पता चलता है कि हमला कितना गंभीर था। सिंह ने एसोसिएशन की ओर से संवेदना भी जताई और कहा कि केसीए इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button