महाराष्ट्र : पिंपरी चिंचवड में निर्माण स्थल ढहा, दंपति की मौत, चार मजदूर घायल
पुणे, महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी चिंचवड शहर में एक निर्माण स्थल पर ईंट से बने ढांचे के ढह जाने के बाद उसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे एक दंपति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यहां एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे तलवाडे इलाके में एक खुले भूखंड पर यह घटना हुई। इस इलाके में भूमिगत टैंक स्थापित किए जाने के मकसद से एक गड्ढे पर ईंटों से ढांचे का निर्माण किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि भूखंड के मालिक ने भूमिगत टैंक के लिए गड्ढा खोदने का ठेका एक कंपनी को दिया था और ठेकेदार काम के लिए मजदूरों को लाया था।
यह भी पढे़: शिमला में मकान ढहा, भूस्खलन में 3 की मौत, बारिश पर रेड अलर्ट
मजदूरों द्वारा गड्ढे के अंदर ईंटों की मदद से ढांचा बनाते समय अचानक एक जेसीबी मशीन के चलने से ढांचा उन पर गिर गया, जिससे मजदूर उसके नीचे दब गए। अधिकारी ने बताया कि चाकन निवासी सचिन शंकर राठौड़ (30) और उनकी पत्नी कोमल (25) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य मजदूर मनोहर भीकू चव्हाण (38) और तीन अन्य लोग घायल हो गए तथा उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। देहू रोड थाने के वरिष्ठ निरीक्षक विक्रम बंसोडे ने बताया कि ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



