योग को बनाएँ जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा : दामोदर राजनरसिम्हा

हैदराबाद, प्रजा पालना प्रगति प्रणालिका के अंतर्गत गच्चीबावली स्टेडियम में आयोजित स्वास्थ्य सप्ताह उत्सव के दौरान स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने योग सत्रों का उद्घाटन किया। बचाव इलाज से बेहतर है थीम पर आधारित कार्यक्रम में उन्होंने योगाभ्यास करते हुए योग को जीवन शैली का अनिवार्य हिस्सा बनाने का संदेश दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने विश्व होम्योपैथी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को भारत द्वारा विश्व को दिया गया अद्भुत उपहार बताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। आधुनिक जीवनशैली, खान-पान की गलत आदतों तथा प्रदूषण के कारण बढ़ते मधुमेह, कैंसर तथा उच्च रक्तचाप जैसे गैर-संचारी रोगों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से इन बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम करते हुए जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें… उत्तम कुमार रेड्डी ने धान खरीद के लिए केंद्र से माँगा सहयोग

30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मुफ्त बीपी-शुगर जांच

सरकार की स्वास्थ्य पहलों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि तीस वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के लिए नि:शुल्क बीपी और शुगर की जांच की जा रही है। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों की 46 लाख सदस्यों के लिए तीस अलग-अलग प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षणों की व्यवस्था की गई है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए युवा लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन दी जा रही है।

इसके अलावा हर नागरिक का डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शहरी क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए 145 नए पॉलीक्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं। बाल भरोसा कार्यक्रम के माध्यम से पाँच साल से कम उम्र के बच्चों की प्रारंभिक स्वास्थ्य जाँच भी सुनिश्चित की जा रही है। दामोदर राजनरसिम्हा ने आयुष विभाग के स्टालों का निरीक्षण करते हुए कहा कि योग को बढ़ावा देने के लिए राज्यभर में 750 योग प्रशिक्षक नियुक्त किए गए हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज के साथ-साथ योग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। अंत में उन्होंने सभी से स्वस्थ आदतों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य कोई विकल्प नहीं, बल्कि अनिवार्यता है। अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की सचिव डॉ. क्रिस्टीना जेड. चोंगथू, आयुष निदेशक श्रीकांत बाबू, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, योग प्रशिक्षक तथा छात्र उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button