सार्वभौमिक प्रार्थना है मंत्र : अमित शाह
हैदराबाद, जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) हैदराबाद के तत्वावधान में आज विश्व नवकार महामंत्र दिवस का भव्य आयोजन नामपल्ली स्थित प्रदर्शनी मैदान में किया गया। मुनिराज चंद्रयशविजयजी म.सा. आदि ठाणा-2 तथा अभिनंदनचंद्रसागरजी म.सा. आदि ठाणा-5 के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में नवकार महामंत्र का जाप श्रद्धाभाव से करते हुए विश्व शांति तथा सर्व कल्याण की कामना की गई।














अवसर पर विज्ञान भवन, नई दिल्ली से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के संबोधन का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि नवकार महामंत्र आत्मकल्याण तथा मोक्ष के मार्ग पर ले जाने वाली सार्वभौमिक प्रार्थना है। जब लोग श्रद्धापूर्वक एक ही मंत्र का सामूहिक जाप करते हैं, तो उससे न केवल व्यक्ति, बल्कि समूचे देश और विश्व का कल्याण होता है। जिस समय विश्व के विभिन्न हिस्सों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, ऐसे समय में समस्त विश्व के कल्याण के लिए नवकार मंत्र का सामूहिक जाप करना अत्यंत सार्थक और प्रासंगिक है।
विश्व में इस प्रकार की समावेशी और सर्वमान्य प्रार्थना मिलना अत्यंत दुर्लभ है। चंद्रयशविजयजी म.सा. ने कहा कि नवकार सर्वकल्याण करने वाला शाश्वत मंत्र है, जिसकी महिमा अपरंपार है। मंत्रों के इस महामंत्र का न आदि है और न अंत। नवकार महामंत्र किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि शाश्वत गुणों की वंदना पर आधारित है। इस गुणवाचक महामंत्र में अरिहंत, सिद्ध आचार्यों, उपाध्यायों तथा तपस्वियों के गुणों की वंदना की गई है।
मंत्र जाप से नकारात्मकता और बाधाएं दूर होने का दावा
यह महामंत्र सभी पापों का नाश करते हुए मंगलकारक है। म.सा. ने कहा कि जिस प्रकार हाथी के उपद्रव को सिंह की गर्जना समाप्त कर देती है, उसी प्रकार इस मंत्र के जाप की गर्जना कर्मों, विडंबनाओं तथा नकारात्मकता रूपी गज के उपद्रवों को शांत कर देती है। सर्व साध्य मंत्र का नियमित जाप नकारात्मक विचारों को दूर कर चित्त को शांत करता है, साथ ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
इसलिए हमें किसी प्रकार के बाह्य तंत्र-मंत्र अथवा क्रिया-कर्म में न पड़कर शुद्ध मन तथा चित्त के साथ नवकार मंत्र को जीवन में धारण करना चाहिए। सच्ची श्रद्धा से इसका जाप करने पर बड़े से बड़े दुःख और संकट कट जाते हैं। यह महामंत्र साधक को निर्भय बनाता है। यह मंत्र केवल मोक्ष मार्ग का ही नहीं, बल्कि सांसारिक बाधाओं को दूर करने का भी संबल है। जो भी आत्मा श्रद्धापूर्वक इस महामंत्र का आश्रय लेती है, उसका जीवन परम शांति को प्राप्त करता है।
चंद्रयशविजयजी म.सा. ने कहा कि नवकार जैन धर्म की सांस्कृतिक और आत्मिक पहचान है। इसके अलावा सबको संगठित करने वाला नवकार महामंत्र समग्र मानवता के लिए वरदान है। म.सा. ने कहा कि समग्र रूप से कहा जाए तो नवकार महामंत्र जिन शासन का सार है। इस ज्ञान की अलख जगाने तथा विश्व शांति के लिए सामूहिक नवकार जाप हेतु विश्व नवकार महामंत्र दिवस मनाने के लिए जीतो सराहना का पात्र है।
यह भी पढ़ें… अग्रवाल शिक्षा समिति में शिक्षकों के लिए ज्ञान और कौशल विकास प्रशिक्षण
नवकार महामंत्र सभी संप्रदायों के लिए सर्वोपरि
अभिनंदनचंद्रसागरजी म.सा. ने कहा कि जैन धर्म के सभी संप्रदायों के लिए नवकार महामंत्र समान और सर्वोपरि है। यह सभी प्रकार की विचारधाराओं से ऊपर उठाते हुए जैन समाज को संगठित करता है। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के माध्यम से सकल जैन समाज को एक मंच पर लाने के लिए जीतो का प्रयास सराहनीय है। जीतो हैदराबाद के चेयरमैन रोहित कोठारी ने कहा कि हम सब यहाँ विश्व शांति तथा कल्याण की कामना से नवकार महामंत्र जाप हेतु एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि विश्व नवकार महामंत्र दिवस से केवल देश में ही नहीं, वरन 108 देशों के लाखों लोग जुड़े हैं।
कार्यक्रम में बडी संख्या में लोगों ने नवकार महामंत्र का सामूहिक जाप करते हुए विश्व शांति की कामना की। कार्यक्रम में जीतो हैदराबाद के उपाध्यक्ष अनिल ओस्तवाल, महासचिव ललित चोपड़ा, कोषाध्यक्ष विशाल आंचलिया, नवकार महामंत्र दिवस के संयोजक संदीप भोजानी, जीतो हैदराबाद लेडीज विंग की चेयरपर्सन सुधा कीमती, महासचिव टीना शाह, कोषाध्यक्ष अनीता रांका, जीतो हैदराबाद यूथ विंग के चेयरमैन अक्षय जैन, महासचिव सक्षम साभद्रा, कोषाध्यक्ष नीलेश नाहर, सुशील संचेती, परेश शाह, महेश गोलेछा, जयंत जैन, बी.एल. भंडारी, मनोज तातेड़, हितेश वाणीगोता, राहुल सुराणा, पुष्पक जैन, ललित भंडारी, विनोद गांधी, प्रवीण पांड्या सहित अन्य ने योगदान प्रदान किया। अल्पाहार लाभार्थी गीगीदेवी ओगड़चंदजी भोजानी परिवार था।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



