मानू के पत्रकारिता विभाग में अर्देशिर ईरानी मीडिया स्टूडियो स्थापित
हैदराबाद, मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग में स्थापित अर्देशिर ईरानी मीडिया स्टूडियो का उद्घाटन कुलपति प्रो. सैयद ऐनुल हसन ने किया। अवसर पर रजिस्ट्रार प्रो. इश्तियाक अहमद तथा विभाग प्रमुख प्रो. एहतेशाम अहमद खान सहित अन्य उपस्थित थे।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रो. सैयद ऐनुल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मीडिया शिक्षा में अंतर्विषयक दृष्टिकोण अपनाने के महत्व पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने छात्रों को नवोन्मेषी विचारों को तलाशने व मीडिया के बदलते परिदृश्य में सार्थक योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा आधुनिक मीडिया शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण की दिशा में प्रगतिशील कदम है।
अवसर पर कुलपति ने विभागीय पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रयोगशाला, ग्राफिक्स, एनिमेशन प्रयोगशाला तथा नॉन-लीनियर एडिटिंग प्रयोगशाला का दौरा किया। कार्यक्रम के अंतर्गत वीडियो की झलकियाँ नामक एक विशेष क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें डिजिटल मीडिया प्रोडक्शन पहल के तहत निर्मित सौ कार्यक्रमों से चुनिंदा अंशों का प्रदर्शन किया गया।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद की श्रीदेवी जास्ती मिला स्विकी का शी द चेंज सम्मान
डिजिटल शिक्षा व एनईपी पर हुई चर्चा
अवसर पर जेएमसी छात्रा सलेहा वसी द्वारा उर्दू मीडिया 2.0 पॉडकास्ट सत्र का संचालन किया गया, जिसमें कुलपति प्रो. सैयद ऐनुल हसन ने अपनी शैक्षणिक यात्रा, मानू के लिए नेतृत्व की दृष्टि और प्रमुख संस्थागत विकासों पर अपने विचार साझा किए। पॉडकास्ट में आधुनिकीकरण, समावेशी शिक्षा, नए शैक्षणिक कार्यक्रमों की शुरुआत तथा एनईपी 2020 के कार्यान्वयन जैसे विषयों पर चर्चा की गई। परिसर की उपलब्धियों, सतत विकास पहलों, डिजिटल शिक्षा में प्रगति, सांस्कृतिक एवं कौशल आधारित गतिविधियों के माध्यम से छात्रों की सहभागिता पर प्रकाश डाला गया। जानकारी देते हुए बताया गया कि यह पॉडकास्ट जल्द ही एमसीजे यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध होगा।
अवसर पर प्रो. एहतेशाम अहमद खान ने कुलपति, रजिस्ट्रार और सभी गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति और निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विभाग के विजन को साकार करने और भविष्य के विकास को आगे बढ़ाने में संकाय और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों व योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, गैर-शिक्षण कर्मचारी, शोधार्थी तथा विभागीय छात्रों सहित अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





