जन सेवा संघ की बैठक, सदस्यता अभियान और जनहित कार्यों पर जोर
हैदराबाद, जन सेवा संघ के महासचिव प्रकाश चौधरी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संघ के प्रेरणा स्रोत वी.के. सिंह आईपीएस (वीआरएस) एवं महानिदेशक जेल विभाग तेलंगाना की उपस्थिति में संचालन समिति के संयोजक डी.डी. तिवारी की अध्यक्षता में बैठक आरंभ हुई, जिसमें केंद्रीय समिति सहित सभी समितियों के संयोजकों ने अपनी उपलब्धियों के विषय में अवगत कराया।
संरक्षण समिति के संयोजक वी.डी. चौबे ने बताया कि सभी काफी उत्साहित हैं और जन सेवा संघ के निर्बाध संचालन के लिए समय पर अपना योगदान दे रहे हैं। समस्या निवारण समिति के संयोजक परमानंद शर्मा ने अपनी गतिविधि के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जन समस्या के त्वरित समाधान के लिए विभिन्न क्षेत्रों में संभागीय समितियाँ गठित की गई हैं, जिनके कारण लोगों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की बाधा अथवा विलंब न हो।
किसी भी सदस्य को समस्या निवारण के संबंध में सबसे पहले संघ के कार्यालय को लिखित सूचना देनी चाहिए, जिसे उनके द्वारा समस्या निवारण समिति को अग्रसारित किया जाएगा, जिस पर संयोजक अपनी टीम के साथ उचित निर्णय ले सकेंगे। यह तय किया गया कि जन सेवा संघ द्वारा समस्या निवारण संबंधी सेवा को जन-जन तक पहुँचाने के लिए सभी क्षेत्रों में पांपलेट वितरित कर संचार के दूसरे साधन उपयोग में लाए जाएँ।
प्रकाश चौधरी के साथ बिनीत सिंह करेंगे प्रेस कार्य और कॉन्फ्रेंस
बैठक में तय हुआ कि केंद्रीय समिति के महासचिव प्रकाश चौधरी के साथ बिनीत सिंह प्रवक्ता एवं प्रेस का कार्य देखेंगे, साथ ही विभिन्न विषयों पर प्रतिमाह प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन करेंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक समिति द्वारा विगत मार्च में कवि सम्मेलन का सफल आयोजन करने हेतु सभी उपस्थित सदस्यों ने सांस्कृतिक टीम के प्रयास की सराहना की। चिकित्सा संबंधी समिति के संयोजक सीताराम ठाकुर ने बताया कि वे भी समस्या निवारण समिति की तरह क्षेत्रवार टीमों का गठन कर रहे हैं, जिससे किसी पीड़ित व्यक्ति को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
खेलकूद संबंधी समिति के संयोजक सुबोध सिंह ने बताया कि हम तैयारी कर रहे हैं और शीघ्र ही कोई टूर्नामेंट अथवा किसी अन्य प्रकार के खेल-कूद का आयोजन करेंगे, जिसकी जानकारी दी जाएगी। शिक्षा से संबंधित समिति के संयोजक डॉ. अमित ने संचालन समिति के संयोजक को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम का गठन हो चुका है, जिसमें प्रो. अतुल नेगी, प्रो. शिव कुमार, प्रो. विजेंदर के. सोलंकी शामिल हैं। उनके द्वारा जल्द ही किसी कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी।
आईटी क्षेत्र में कार्यरत आदर्श सिंह जो बिहार निवासी हैं, बैठक में शामिल हुए और बड़े उत्साह से आईटी सेल के संयोजक का पदभार स्वीकार किया एवं अपना निरंतर योगदान देने का आश्वासन दिया। स्पॉन्सरशिप समिति के संयोजक राजेश शर्मा ने बताया कि अपनी टीम का गठन शीघ्र पूरा कर सूचित करेंगे। शिष्ठ मंडल समिति के संयोजक एल.एम. चौधरी ने बताया कि उनकी टीम तैयार है और वह विभिन्न बिंदुओं पर संबंधी अधिकारियों को अथवा सरकार को ज्ञापन देने हेतु तत्पर हैं।
यह भी पढ़ें… फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी महिला समिति ने की आम सभा
सदस्यता अभियान के लिए संभागवार समितियों का गठन तय
बैठक में यह तय हुआ कि जल्द ही सदस्यता अभियान संबंधित समितियों का संभागवार गठन किया जाएगा, जो केंद्रीय टीम की देखरेख में अपना काम करेंगी। जन सेवा संघ के कोषाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया, जिसे संचालन समिति ने अनुमोदित किया व सदस्यों ने संतुष्टि व्यक्त की।
संघ की उत्सव एवं छठ पूजा समिति के संयोजक आर.पी. सिंह ने जानकारी दी की वर्षों के अनवरत प्रयास से नेकलेस रोड पर तेलंगाना सरकार ने पक्के छठ पूजा घाट का निर्माण आरंभ किया है, जिसे छठ पूजा घाट के नाम से जाना जाएगा। इस उपलब्धि पर संचालन समिति के सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ सिंह एवं उनकी टीम को शुभकामनाएँ दीं।
वी.के. सिंह ने सदस्यों को संबोधित करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया। उन्होंने संदेश दिया कि जन सेवा संघ को ऐसा सशक्त बनाना है कि इसकी पहुँच जन-जन तक हो तथा जनहित के समस्त मुद्दों पर अपनी पकड़ बनाए व निवारण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सदस्य इस दिशा में कार्य करें।
बैठक में डी.डी. तिवारी, विश्वजीत सिंह, प्रकाश चौधरी, सुशील श्रीवास्तव, सुरेश पंडित, आर.पी. सिंह, परमानंद शर्मा, वी.डी. चौबे, एल.एन. चौबे, राधेश्याम राय यादव, एस.पी. सिंह, दिनेश चंदन, के.एल. श्रीनिवासा राव, एल.एम. चौधरी, बिनीत सिंह, आदर्श सिंह, सुबोध सिंह, गोविंद तिवारी, राजेश शर्मा, दिनेश चौबे, मोहम्मद मुनव्वर, मनोज यादव उपस्थित हुए। राष्ट्रगान के पश्चात डी.डी. तिवारी ने सभा समापन की घोषणा की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



