मंत्री पोंगुलेटी ने बीआरएस को दी झूठे आरोपों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
हैदराबाद, राजस्व, आवास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने बीआरएस नेताओं के. चंद्रशेखर राव, के.टी. रामाराव और टी. हरीश राव को चेतावनी दी कि यदि झूठे आरोप बंद नहीं किए गए, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सचिवालय में मंत्री पोन्नम और सीताक्का के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पोंगुलेटी ने कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित हो जाएँ, तो वह जमीन पर नाक रगड़ने को तैयार हैं, लेकिन बीआरएस के नेता यदि निराधार आरोप लगाना बंद नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने आरोप लगाया कि बीआरएस नेता अपनी भ्रष्टाचार की छवि को छिपाने के लिए वर्तमान सरकार पर कीचड़ उछालने की कोशिश कर रहे हैं। नादरगुल भूमि मामले पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2014 में भूमि का रजिस्ट्रेशन और 2016 में म्यूटेशन बीआरएस सरकार के दौरान ही हुआ था।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना का भविष्य बदलेगी नई पार्टी : कविता
अदालत में मामले को लेकर सरकार कर रही है सक्रिय लड़ाई
वर्तमान सरकार का मामले से कोई संबंध नहीं है। उनकी सरकार मामले में अदालत में लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 से 2023 तक बीआरएस शासन के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएँ हुईं। गूगल मैप्स के उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जमीन पर विकास कार्य भी उसी समय किए गए थे।
वट्टीनागुलपल्ली मामले पर मंत्री ने कहा कि यह पारिवारिक विवाद है। इसे सरकार से जोड़ना गलत है। वहीं कोतवालगुड़ा क्रशर मामले में उन्होंने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह झूठ बताते हुए कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है। पिछले दस वर्षों में हुए कथित घोटालों की जाँच सीबीसीआईडी के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने विपक्ष से अपने आरोपों पर जनता के सामने जवाब देने की माँग की। उन्होंने कहा कि सरकार पर दबाव बनाने या डराने की कोशिशों से कोई असर नहीं पड़ेगा और सभी तथ्यों को एक-एक करके सामने लाया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



