टैंकर से जलापूर्ति में बोर्ड के नाम का दुरुपयोग !
हैदराबाद, शहर में कुछ निजी टैंकर सरकारी जलबोर्ड के लोगो का दुरुपयोग कर अनधिकृत रूप से पेयजलापूर्ति कर रहे हैं। इस बात की शिकायत मिलने के बाद बोर्ड काफी गंभीर है और चेतावनी दी कि यदि इस तरह की अवैध गतिविधियों में कोई लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिल़ाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए आपराधिक मामले दर्ज किये जाएँगे। हाल ही में की गई जाँच के दौरान निजी पानी टैंकर द्वारा जलबोर्ड का लोगो अनधिकृत रूप से उपयोग करते हुए पाया गया, जिसके बाद अधिकारियों ने उस टैंकर को जब्त कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया।
जलबोर्ड को शिकायतें मिली हैं कि आधिकारिक लोगो का कुछ व्यक्तियों, विशेष रूप से निजी पानी टैंकर मालिकों द्वारा अनधिकृत रूप से उपयोग किया जा रहा है। बोर्ड के अनुसार, इस प्रकार की गतिविधियों को पूर्णत अवैध माना जाएगा। लोगो संस्था को सरकार की ओर से प्रदान किया गया आधिकारिक पहचान चिह्न है। इसलिए बिना अनुमति इसके उपयोग से जनता को गुमराह किए जाने की संभावना रहती है।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निजी टैंकरों द्वारा जलबोर्ड का लोगो उपयोग करने से जनता में यह भ्रम पैदा हो रहा है कि यह टैंकर सरकारी सेवाओं का हिस्सा है। यह न केवल जनता के विश्वास को ठेस पहुँचाता रहा, बल्कि इसे धोखाधड़ी माना जाएगा। जलबोर्ड अधिकारियों ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए लोगो का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें… रेवंत रेड्डी ने किया भद्राचलम मंदिर के विकास कार्यों का शिलान्यास
अशुद्ध पानी से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा
अधिकारियों का मानना है कि इस तरह दुरुपयोग से यह गलत धारणा बन रही है कि यह जलापूर्ति जलबोर्ड द्वारा की जा रही है। निजी टैंकरों से आपूर्ति किया जाने वाला पानी सामान्यत बोरवेल का होता है और यह जलबोर्ड के मानकों के अनुसार शुद्ध नहीं किया जाता, न ही इसकी गुणवत्ता की जाँच की जाती है। इसलिए इस पानी के उपयोग से गंभीर स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न होने का खतरा है।
अतः बोर्ड ने आम जनता से अपील की है कि वे निजी टैंकर संचालकों पर निर्भर न रहें। जनता से अनुरोध किया गया है कि पेयजल टैंकर बुक करते समय केवल जलबोर्ड की आधिकारिक ग्राहक सेवा के माध्यम से ही बुकिंग करें। टोल फ्री नंबर 155313 पर कॉल करके सुरक्षित और शुद्ध पेयजल प्राप्त किया जा सकता है।
बताया गया है कि अवैध गतिविधियाँ सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ तुरंत आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे। बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नियमित रूप से जाँच करें और लोगो के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त निगरानी रखें। कहीं भी इस प्रकार की दरुपयोग पाएँ, तुरंत कड़ी कार्रवाई करें। साथ ही जनता से सतर्क रहते हुए निजी टैंकर या व्यक्ति जलबोर्ड के लोगो का अनधिकृत उपयोग करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना नजदीकी जलबोर्ड कार्यालय या संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



