गांधी सरोवर प्रॉजेक्ट रुकवाने हेतु राहुल गांधी को एमएलसी डॉ. श्रवण ने लिखा खुला पत्र

हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) विधान परिषद सदस्य डॉ. दासोजू श्रवण ने कांग्रेस सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को खुला पत्र लिखकर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सरकार की 5 हजार करोड़ रुपये खर्च से प्रस्तावित गांधी सरोवर परियोजना के अंतर्गत हजारों गरीब व मध्यवर्ग के घरों को ढहाकर 500 फीट ऊँची गांधी प्रतिमा निर्माण को रोक कर उसी खर्च से चुनाव पूर्व किए वादे पूरे करने के आदेश सरकार को देने की माँग की।

डॉ. दासोजू श्रवण ने राहुल गांधी को लिखे पत्र में गुजरात स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशाल प्रतिमा स्टैच्यु ऑफ यूनिटी के निर्माण के समय गिरीजनों को हटाए जाने का राहुल गांधी द्वारा किए गए विरोध की याद दिलाते हुए कहा कि ठीक इसके विपरीत रेवंत रेड्डी सरकार हजारों घरों को ढहाकर गांधी प्रतिमा स्थापित करने जा रही है, जिसे रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने सामाजिक न्याय के लिए कांग्रेस को वोट दिया है न कि आशियाने ढहाने के लिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की आत्मा को यदि शांति देनी है, तो कांग्रेस को पहले बुल्डोजर की राजनीति को बंद करना होगा।

यह भी पढ़ें… कुम्मेरा मल्लन्ना जातरा के पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये दे सरकार : केटीआर

डॉ. दासोजू श्रवण ने गांधी सरोवर परियोजना पर उठाए सवाल

दासोजू श्रवण ने रेवंत सरकार की गांधी सरोवर परियोजना को पूंजीवाद बनाम गांधी वाद की संज्ञा देते हुए कहा कि 500 फीट ऊँची प्रतिमा का निर्माण करके अपनी सत्ता की सनक दिखाने की कोशिश कर रहे मुख्यमंत्री ने नेकलेस रोड स्थित भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 125 फीट ऊँची प्रतिमा को प्रोटोकॉल के तहत पर्यटकों के लिए अभी तक नहीं खोला है। उन्होंने प्रश्न किया कि कांग्रेस का तेलंगाना राइजिंग का नारा क्या गरीबों की बलि देना ही रह गया है।

दासोजू श्रवण ने कहा कि तेलंगाना घोर वित्तीय संकट से गुजर रहा है। सरकार के पास जनता को दी गई 6 गांरटियों व 420 वादे पूरे करने के लिए पैसे नहीं है, ऐसे में गांधी सरोवर प्रतिमा के लिए 5 हजार करोड़ रुपये कहाँ से खर्च करेंगे। उन्होंने प्रश्न किया कि 500 फीट ऊँची गांधी प्रतिमा निर्मित तो की जाएगी, लेकिन भारी कर्ज में डूबे किसानों को यह मूर्ति क्या देगी? उन्होंने प्रश्न किया कि हर महीने पेंशन की राह देख रही महिलाओं को क्या पत्थर की यह प्रतिमा अन्न उपलब्ध कराएगी? उन्होंने कहा कि गरीब की छत उखाड़ने के बदले उनको छत उपलब्ध कराना ही गांधी को सही मायने में श्रृद्धांजलि होगी। इस बात से राहुल गांधी राज्य की रेवंत सरकार को अवगत कराएँ और तुरंत बुल्डोजर रुकवाएँ।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button