पार्कों के विकास के लिए एमएमसी का नया अभियान
हैदराबाद, शहर के पार्कों के विकास और स्वच्छता को लेकर मलकाजगिरी नगर निगम (एमएमसी) ने विशेष अभियान शुरू किया है। इस क्रम में एमएमसी कमिश्नर विनय कृष्णा रेड्डी ने शनिवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
प्रजा पालना प्रगति योजना के तहत एमएमसी आयुक्त ने सफिलगुड़ा लेक पार्क, नेरेडमेट वायुपुरी कॉलोनी, वायुपुरी वेस्ट पार्क, यापराल और विमलादेवी नगर का दौरा किया। कमिश्नर ने सफिलगुड़ा लेक पार्क का निरीक्षण करते हुए झील में जमा गंदगी हटाने और इसे स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झील में कचरा न डाले और इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही बिजली के खंभों पर लटके केबल हटाने, निर्माण मलबे को नालों में फेंकने पर रोक लगाने तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए स्प्रे व ऑयल बॉल्स के उपयोग के निर्देश दिये।
आयुक्त ने नेरेडमेट वायुपुरी कॉलोनी में सेकेंडरी कलेक्शन और ट्रांसपोर्ट यूनिट का निरीक्षण किया तथा कचरा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ट्रांसफॉर्मरों के आसपास सफाई बनाए रखने और ट्रैफिक सुचारु करने के लिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने वायुपुरी वेस्ट पार्क में नए शौचालय और लाइटिंग की व्यवस्था करने व पार्क के समुचित रखरखाव पर जोर दिया।
सेटबैक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के निर्देश
सड़क पर अतिक्रमण के कारण हो रही यातायात बाधा को दूर करने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। यापराल क्षेत्र में जारी निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने सेटबैक नियमों के पालन की समीक्षा की और टाउन प्लानिंग अधिकारियों को सभी भवनों को स्वीकृत मानकों के अनुरूप बनाने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
यह भी पढे़: एमएमसी आयुक्त ने किया कापरा सर्कल का दौरा
विमलादेवी नगर में निर्माण कार्यों की जाँच कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी भवन स्वीकृत अनुमति और नियमों के अनुसार ही बनाए जाएँ, किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



