बांसवाड़ा में महिला के साथ किए गए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की सांसद धर्मपुरी अरविंद ने
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद धर्मपुरी अरविंद ने बांसवाड़ा के एक निजी सुपरमार्केट में महिला के भजन सुनने पर मुसलमान व्यक्ति द्वारा आपत्ति जताए जाने तथा महिला का वीडियो बनाकर डराने धमकाने का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि स्वयं को बचाना हो तो हिन्दू समाज को संगठित होना अनिवार्य है।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद धर्मपुरी अरविंद ने कहा कि प्रबंधन का अधिकार है कि वह अपने प्रतिष्ठान की चार दीवारी में जो चाहे भजन सुने, इससे किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भजन सुन रही एक महिला के साथ अभद्र व्यवहार करके वीडियो निकाल रहे युवा पर केस दर्ज कर अंदर करने के बजाए पुलिस का महिला के पक्ष में खडे हिन्दुओं पर ही केस दर्ज करके कदम उठाना कहां का न्याय है। उन्होंने कहा कि यही हाल रहा तो भविष्य में हिन्दुओं का खुले आम घूमना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने पुलिस के रवैये पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि सुपरमार्केट पर आकर हमला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाए हिन्दुओं पर ही केस दर्ज करना यह अराजकता की पराकाष्ठा है।
यह भी पढ़ें… गोदावरी जल पर अधिकार नहीं छोड़ेंगे : रेवंत रेड्डी
धर्मांतरण और वैश्विक घटनाओं को लेकर चिंता जताई
अरविंद ने भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों फ्रांस, यूके आदि में धर्मांतरण की बढती जा रही घटनाओं का उल्लेख किया और कहा कि 2050 तक दुनिया में इस्लामिक राज स्थापित करने की घोषणा की जा रही है लेकिन लगता है तेलंगाना में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शासन में अभी से इस्लामिक राज स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि रेवंत सरकार के सत्ता सम्हालने के बाद से हिन्दू मंदिरों पर हमले, प्रतिमाओं को तोडने की घटनाएं, हिन्दू त्यौहारों पर निकाले जाने वाले जुलूस पर पथराव, महिलाओं पर हमले आदि की घटनाएं बढती जा रही हैं यह चिंता का विषय है।
अरविंद ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के प्रति कडे शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि खुद को रेवंतुद्दीन कहे जाने पर गर्व का अनुभव करने वाले सीएम की अध्यक्षता में कल होने वाली कैबिनेट बैठक कलमा पढकर शुरू किए जाने की खबर मिली है। उन्होंने व्यंग्य कसते हुए विधायी मामलों के मंत्री डी. श्रीधर बाबू को श्रीधर बाबभाई और उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का को भट्टी अकरम नाम रख लेने की सलाह भी दी।
विधायक के घर पर हमले से सभापति क्यों अंजान …
सांसद अरविंद ने कामारेड्डी में भाजपा विधायक काटेपल्ली वेंकटरमणा रेड्डी के कैंप कार्यालय पर हमला किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए विधानसभा के सभापति गड्डम प्रसाद कुमार से प्रश्न किया कि विधानसभा के सदस्य के संरक्षण में खडे होने की जिम्मेदारी स्पीकर पर है फिर भी सभापति ने अभी तक विधायक काटेपल्ली से फोन पर बात तक नहीं की, न ही पुलिस से घटना का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि सदन के सदस्य के घर पर हमला होने के बावजूद क्यों स्पीकर अभी तक चुप हैं।
अरविंद ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर आत्मसम्मान बेच खाने का आरोप लगाते हुए कहा कि खुले आम मजलिस नेता बयान दे रहे हैं रेड्डी हो या राव सभी को दारुसलाम की चौखट पर आना ही होगा, लेकिन मुख्यमंत्री हैं कि मजलिस के तलवे चाट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व केसीआर शासन के दौरान जेल में रहे रेवंत रेड्डी की पुत्री के विवाह के समय केवल 12 घंटे के लिए बेल पर छोडा गया था क्या मुख्यमंत्री वह दिन भूल चुके हैं जो अभी तक केसीआर पर कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केसीआर के आगे अपना आत्मसम्मान बेच चुके मुख्यमंत्री लालच में आकर कल्वाकुंट्ला परिवार को हर को केस से बचाते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना में लूट जारी है। अवसर पर भाजपा अधिकारिक प्रवक्ता सुनीता रेड्डी व भाजपा नेता हैंदवी आदि उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



