रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी: पांच आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मुंबई, मुंबई की एक अदालत ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी से जुड़े मामले के पांच आरोपियों को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आदित्य गायकी (19), सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) स्वप्निल सकट (23) और आसाराम फसाले को उनकी पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) न्यायाधीश महेश जाधव के समक्ष पेश किया गया।
न्यायमूर्ति जाधव ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए कहा कि पुलिस पहले ही सभी आरोपियों की पर्याप्त हिरासत हासिल कर चुकी है। उन्होंने कहा, “इस स्तर पर मुझे लगता है कि पुलिस हिरासत की अवधि बढ़ाने से कोई लाभ नहीं होगा। इसलिए रिमांड रिपोर्ट में नामित सभी आरोपियों को नौ मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजा जाता है।”
रोहित शेट्टी की जुहू स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर एक फरवरी की रात को लगभग 12:45 बजे कम से कम पांच गोलियां चलाई गई थीं। इनमें से एक गोली इमारत के अंदर स्थित जिम के शीशे पर जा लगी थी।
इस मामले के सिलसिले में अब तक 12 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें कथित शूटर दीपक शर्मा सहित सात आरोपियों को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया था। ये लोग 25 फरवरी तक पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर ने इस घटना को अंजाम दिया था, ताकि रोहित शेट्टी को नुकसान पहुंचाया जा सके और डर एवं वर्चस्व की भावना पैदा की जा सके। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



