हैदराबाद, मल्काजगिरी की उप्पल पुलिस ने मात्र 6 घंटे के भीतर पुलिस कॉन्स्टेबल परुवुला सुधीर कुमार की हत्या की गुत्थी को सुलझाकर दो हत्यारों संतोष उर्फ संतु (28) और उसके दोस्त पोडिशेट्टी तरुण (22) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक चाकू, दो सेलफोन, एक्टिवा मोटरसाइकिल और खून से सने कपड़े बरामद किए गए।
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप्पल के पुलिस उपायुक्त के. सुरेश कुमार ने हत्या की गुत्थी को सुलझाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामूली से विवाद के चलते सुधीर की हत्या कर दी गई। उन्होंने बताया कि आरोपी उप्पल निवासी भानोतु संतोष रैपिडो राइडर और पोडिशेट्टी तरुण कार चालक के रूप में कार्यरत है और दोनों सुधीर के दोस्त हैं। घटना से तीन दिन पूर्व सुधीर ने दोनों को अपने बहनोई शिकायतकर्ता कनुपूर श्रीकांत के गृह प्रवेश के दावत में बुलाया था।
सुधीर ने फोन का जवाब नहीं दिया, फिर हुआ झगड़ा
दावत में आने के बाद दोनों ने सुधीर को फोन किया, लेकिन उसने फोन का जवाब नहीं दिया। इसके बाद सुधीर जब दावत में आया, तो दोनों ने सुधीर के साथ झगड़ा किया। इसके बाद दोनों ने सुधीर को सेलफोन पर व्हॉट्सऐप के जरिए असभ्य भाषा में मैसेज भेजकर उसे परेशान कर रहे थे। रविवार की शाम 7.30 बजे संतोष और तरुण ने सुधीर को फोन कर चिल्कानगर बुलाया।
यह भी पढ़ें… महिला ने की बेटी की गला रेतकर हत्या, बेटे को भी मारने की कोशिश
सुधीर अपने दोस्त इमरान खान के साथ चिल्कानगर गया और व्हॉट्सऐप पर उसका अपमान करने के बारे में बातचीत की। इस दौरान झगड़ा होने पर संतोष ने चाकू निकालकर सुधीर पर हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए सुधीर बचकर भागने लगा, लेकिन दोनों ने उसका पीछा कर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिये, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शिकायतकर्ता के दोस्त पृथ्वीराज उर्फ टिल्लू ने उसी समय शिकायतकर्ता को फोन कर इस घटना की जानकारी दी। शिकायतकर्ता तुरन्त घटनास्थल पर पहुँच गया, जहाँ उसने देखा कि सुधीर खून में लथपथ मृत पड़ा हुआ है। श्रीकांत की शिकायत पर उप्पल इंस्पेक्टर रामलिंगा रेड्डी ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आज अदालत में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
