हरियाणा के ‘महंत’ की हत्या मामले का षड्यंत्रकर्ता दिल्ली में पकड़ा गया
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने हरियाणा में एक ‘महंत’ की हत्या के मामले में कथित षड्यंत्रकर्ता को उसके सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया है तथा वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में सशस्त्र डकैती की योजना को नाकाम कर दिया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हरियाणा में रोहतक के मेहम निवासी आरोपी सुरेंद्र (24) भिवानी में दर्ज हत्या के मामले में वांछित है। इस संबंध में सूचना के आधार पर उसके सहयोगी चिराग पांचाल (22) को भी गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘दो संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और संदिग्धों को अपनी योजना को अंजाम देने से पहले ही प्रेमबारी पुल के पास रोक लिया।’ पुलिस ने कहा कि दोनों ने औद्योगिक क्षेत्र में एक व्यवसायी की टोह ली थी तथा डकैती को अंजाम देने के लिए हथियारों के साथ वे इस इलाके में दाखिल हुए थे लेकिन उनकी योजना विफल कर दी गई।
डेरे की गद्दी और जमीन के लिए रची गई हत्या की साजिश
अभियान के दौरान, पुलिस ने उनके कब्जे से दो चाकू, एक देसी पिस्तौल, .32 बोर की पिस्तौली की तरह दिखने वाली खिलौना पिस्तौल, लाल मिर्च पाउडर का एक पैकेट और एक स्पोर्ट्स बाइक कथित तौर पर बरामद की। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया,’सुरेंद्र हरियाणा के भिवानी जिले में एक महंत की हत्या के मामले का कथित मुख्य षड्यंत्रकर्ता है।
यह भी पढ़े : दिल्ली : आजादपुर में डीएमआरसी डिपो में केबल चोरी के आरोप में तीन गिरफ्तार
इस हत्या का उद्देश्य भिवानी के नांगल गांव में स्थित एक डेरे की ‘गद्दी’ और उससे जुड़ी लगभग आठ एकड़ पंचायत भूमि पर नियंत्रण प्राप्त करना था।’ यह ‘गद्दी’ डेरे के आध्यात्मिक और प्रशासनिक अधिकार का प्रतीक मानी जाती है। पुलिस ने बताया कि पांचाल का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और उसने जल्दी पैसा कमाने के लिए इस साजिश में हिस्सा लिया था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



