जगदगिरीगुट्टा में पड़ोसी ने 14 तोला सोना चुराया, गिरफ्तार
हैदराबाद, जगदगिरीगुट्टा पुलिस क्षेत्र में घर की चाभी दरवाजे के पास ही छिपाना एक महिला को भारी पड़ गया। मौक़े का फायदा उठाकर पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर करीब 14 तोला सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
डिटेक्टिव इंस्पेक्टर नरेंद्र रेड्डी ने बताया कि एलम्माबंडा, दत्तात्रेय कॉलोनी निवासी रेकापल्ली लक्ष्मी (63) गत 23 फरवरी की शाम घर पर ताला लगाकर किसी काम के लिए बाहर गई थी। महिला ने घर की चाभी दरवाजे के पास रखे एक ड्रम के नीचे छिपा दी थी। इसी बीच उसी कॉलोनी में रहने वाले पी. शंकर (36) ने महिला को चाभी छिपाते हुए देख लिया। महिला के जाते ही उसने ड्रम के नीचे से चाभी निकालकर ताला खोला और घर में प्रवेश कर गया।
आरोपी ने घर के अंदर टीवी टेबल पर रखी अलमारी की चाबी से लॉकर खोला और उसमें रखे करीब 14 तोला सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। शाम करीब 6 बजे जब लक्ष्मी दंपति घर लौटे तो अलमारी खुली थी, जांच करने पर आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
यह भी पढ़े: तेलंगाना में बड़ी कार्रवाई, फाल्कन समूह के पूर्व सीओओ गिरफ्तार
नरेंद्र रेड्डी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी शंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहाँ उसने चोरी के बारे में मुँह खोल दिया। उसके पास से एक सोने का हार, काले मोतियों की चेन, तीन परतों वाली चेन, लॉकेट वाली चेन और चार अंगूठियाँ बरामद कीं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



