ईरानी हमले के बाद नेतन्याहू का दौरा, बड़ा बयान
यरूशलम, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कहा कि डिएगो गार्सिया पर हाल ही में ईरान द्वारा किए गए मिसाइल हमलों से स्पष्ट होता है कि फारस खाड़ी का देश यूरोप तक मार करने की क्षमता रखता है और वह पूरी दुनिया के लिए खतरा पैदा करता है।
नेतन्याहू ने दक्षिणी इजराइली शहर अराद का रविवार को दौरा किया, जिस पर शनिवार शाम ईरान ने मिसाइल हमले किए थे। उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश और अमेरिका पूरी दुनिया की ओर से मिलकर लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप इस बात का सबूत चाहते हैं कि ईरान पूरी दुनिया के लिए खतरा है, तो पिछले 48 घंटों में यह मिल गया है। पिछले 48 घंटों में, ईरान ने एक नागरिक क्षेत्र को निशाना बनाया। वह इसका इस्तेमाल सामूहिक नरसंहार के हथियार के रूप में कर रहा है।
नेतन्याहू ने कहा, ‘‘सौभाग्य से कोई मारा नहीं गया, लेकिन यह भाग्य की बात है, उनकी मंशा की नहीं। उनकी मंशा नागरिकों की हत्या करने की थी।’’ उन्होंने ईरान द्वारा डिएगो गार्सिया पर अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइलों (आईसीबीएम) से किए गए हमलों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘यह 4,000 किलोमीटर की दूरी है। मैं लगातार चेतावनी दे रहा था। अब उनके पास यूरोप के अंदरूनी हिस्सों तक मार करने की क्षमता है। वे पहले ही यूरोपीय देशों (साइप्रस) पर हमले कर चुके हैं। वे सभी को अपने निशाने पर ले रहे हैं।’’
इजराइल गत दो दशकों से ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर दुनिया को आगाह करता रहा है। उसकी दलील है कि परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम ये मिसाइलें न केवल उसके लिए बल्कि यूरोप के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करेंगी।
ईरान ने शनिवार को हिंद महासागर में डिएगो गार्सिया द्वीप पर स्थित ब्रिटेन-अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर मिसाइलें दागीं। नेतन्याहू ने यरूशलम में तीन एकेश्वरवादी धर्मों के पवित्र स्थलों-यहूदियों के लिए पवित्र पश्चिमी दीवार, ईसाईयों के लिए पवित्र चर्च और मुस्लिमों के लिए पवित्र अल अक्सा मस्जिद के ठीक बगल में ईरान के हमले को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘एक बार फिर, चमत्कारिक रूप से कोई भी घायल नहीं हुआ।’’उन्होंने कहा, ‘‘फिर भी तीनों स्थल निशाने पर थे।’’
इजराइल और अमेरिका पूरी दुनिया के हित में मिलकर काम
ईरान द्वारा दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल का मलबा शुक्रवार को अल-अक्सा मस्जिद और पश्चिमी दीवार के काफी करीब गिरा। नेतन्याहू ने कहा कि ईरान समुद्री अंतरराष्ट्रीय मार्ग, ऊर्जा मार्ग को अवरुद्ध कर रहा है और ‘‘पूरी दुनिया को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘इस बात का और क्या सबूत चाहिए कि पूरी दुनिया को धमकाने वाले इस शासन को रोकना होगा? इजराइल और अमेरिका पूरी दुनिया के हित में मिलकर काम कर रहे हैं।’’
नेतन्याहू ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ईरान के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें यह देखकर खुशी हो रही है कि उनमें से कुछ ने उस दिशा में कदम बढ़ाना शुरू कर दिया है। हालांकि, इजराइली प्रधानमंत्री ने दावा किया कि और अधिक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस आतंकवादी, कट्टरपंथी शासन का सामना करने का आह्वान न केवल अमेरिका और इजराइल की सुरक्षा के लिए है, बल्कि पूरी दुनिया की सुरक्षा के लिए है। अब उनके लिए कार्रवाई करने का समय आ गया है।’’
इजराइल इन हमलों का जवाब ‘‘पूरी ताकत’’ से दे रहा
नेतन्याहू ने संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि इजराइल इन हमलों का जवाब ‘‘पूरी ताकत’’ से दे रहा है, लेकिन ईरानी नागरिकों को निशाना नहीं बना रहा है।
इजराइली प्रधानमंत्री ने दावा किया, ‘‘ हमने दो स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए हैं। पहला है उनके परमाणु कार्यक्रम, मिसाइल कार्यक्रम और इन दोनों कार्यक्रमों के लिए आवश्यक घटकों के उत्पादन की उनकी क्षमता को पूरी तरह से नष्ट करना। हम इसे हासिल करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।’’ उन्होंने दोहराया, ‘‘हमने ईरानी जनता के लिए ऐसी परिस्थितियां बनाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है जिससे वे इस अत्याचारी शासन को उखाड़ फेंक सकें जिसने उन्हें सताया है और उनका जीवन दयनीय बना दिया है, और जो पूरी दुनिया के लिए मुश्किल पैदा कर रहा है। मुझे उम्मीद है कि हम इसे भी हासिल कर लेंगे।’’(भाषा)
यह भी पढ़े– नामपल्ली अपराध न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



