हैदराबाद में एनएमडीसी की राजभाषा हिन्दी कार्यशाला
हैदराबाद, एनएमडीसी द्वारा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), हैदराबाद-सिकंदराबाद के तत्वावधान में नराकास के लघु सदस्य कार्यालयों के कार्मिकों हेतु एक दिवसीय हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अवसर पर नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम), हैदराबाद-सिकंदराबाद के सदस्य सचिव व ईसीआईएल, हैदराबाद के प्रबंधक (राजभाषा) डॉ. राजनारायण अवस्थी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं ईश-वंदना के साथ हुआ।
एनएमडीसी के उप महाप्रबंधक (राजभाषा) आर.एन. मिश्र ने मुख्य अतिथि, संकाय सदस्यों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए एनएमडीसी को कार्यशाला आयोजित करने का अवसर प्रदान करने के लिए नराकास के अध्यक्ष एवं सदस्य सचिव के प्रति आभार जताया। उन्होंने एनएमडीसी द्वारा पिछले कई वर्षों से नराकास के तत्वावधान में सदस्य कार्यालयों के कार्मिकों के लिए हिन्दी कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने एनएमडीसी में राजभाषा हिन्दी के प्रयोग को बढ़ाने हेतु किए जा रहे प्रयासों एवं प्राप्त उपलब्धियों की संक्षिप्त जानकारी दी।
यह भी पढ़ें… आग पर काबू करने वाले हैद्रा कर्मी सम्मानित
पॉवर ग्रिड अधिकारी ने एनएमडीसी की राजभाषा उपलब्धियों की सराहना की
अतिथि संकाय के रूप में उपस्थित पॉवर ग्रिड कार्पोरेशन, हैदराबाद के अधिकारी (राजभाषा) रमेश प्रसाद मिश्र ने कार्यशाला में विषयों को समसामायिक बताते हुए एनएमडीसी द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों की प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित नराकास (उपक्रम), हैदराबाद-सिकंदराबाद के सदस्य-सचिव डॉ. राजनारायण अवस्थी ने नराकास के तत्वावधान में हिन्दी कार्यशाला आयोजित करने के लिए एनएमडीसी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एनएमडीसी द्वारा राजभाषा हिन्दी के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाते हैं। इसी क्रम में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति से संबंधित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय पर किया जाता रहा। उन्होंने राजभाषा के क्षेत्र में एनएमडीसी की उपलब्धियाँ को अनुकरणीय बताया।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में संकाय सदस्य अधिकारी (राजभाषा), पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन, हैदराबाद रमेश प्रसाद मिश्र ने पॉवर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से संसदीय राजभाषा समिति की प्रश्नावली को भरने तथा बरती जाने वाली सावधानियों के विषय में उदाहरण सहित विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यशाला का दूसरा सत्र संकाय सदस्य सहायक निदेशक (से.नि.), हिन्दी शिक्षण योजना डॉ. जयशंकर तिवारी ने कम्प्यूटर के माध्यम से हिन्दी में पत्राचार एवं टिप्पणियाँ विषय पर लिया। उन्होंने कम्प्यूटर के माध्यम से टिप्पणी एवं पत्राचार किए जाने के संबंध में सारगर्भित जानकारी दी। सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) राजेश कुमार गोंड ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
विशेष कार्यशाला में भारतीय कंटेनर निगम लिमिटेड, रेलटेल, गेल, हडको, केंद्रीय भण्डारण निगम, बीईएमएल, आईटीआई, आरआईएनएल, राइट्स लिमिटेड, आईईसी एवं ईसीजीसी लिमिटेड आदि उपक्रमों के कार्मिकों एवं नराकास की कार्यकारिणी के सदस्यों ने प्रतिभागिता की। कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) देबाशीष घोष द्वारा किया गया। सुरेखा, अप्रेंटिस प्रशिक्षु का कार्यशाला में विशेष सहयोग रहा। अवसर पर एनएमडीसी राजभाषा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



