उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में संयुक्त सुरक्षा अभियान में छह आतंकवादी मारे गए
पेशावर, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक अभियान में छह आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) और कोहाट जिला पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त खुफिया सूचना आधारित अभियान (आईबीओ) चलाया गया। कोहाट के जिला पुलिस अधिकारी (डीपीओ) शहबाज इलाही ने बताया कि आतंकवादियों के बारे में सूचना मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अभियान शनिवार देर रात शुरू हुआ और रविवार तड़के तक चला। खुफिया जानकारी के अनुसार आतंकवादी जिले के लाची तहसील में बड़े हमले की साजिश रच रहे थे।
इसके बाद सीटीडी और पुलिस की बड़ी टीम ने इलाके में अभियान चलाया। मुठभेड़ के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में छह आतंकवादी मारे गए। मारे गए आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इसी प्रांत में एक अन्य घटना में अज्ञात बंदूकधारियों ने शनिवार देर रात डेरा इस्माइल खां जिले के खूंटी पुलिस चौकी पर हमला किया, जिस दौरान हुई गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल घायल हो गया। (भाषा)
यह भी पढ़े: उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में 19 आतंकवादी मारे गए
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





