ओडिशा ने अदाणी के पनिबिजली संयंत्र सहित 44,000 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं को मंजूरी दी

भुवनेश्वर, ओडिशा सरकार ने 44,200 करोड़ रुपये की 10 प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिसमें अदाणी समूह का पंप भंडारण जलविद्युत संयंत्र और सेमीकंडक्टर चिप की एक प्रमुख इकाई शामिल है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

शनिवार शाम मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय मंजूरी प्राधिकरण (एचएलसीए) की बैठक में यह मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि इन परियोजनाओं से खुर्दा, कोरापुट, कालाहांडी, मलकानगिरी, ढेंकनाल, पुरी, नयागढ़ और देवगढ़ सहित आठ जिलों में 8,765 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों ने बताया कि ये परियोजनाएं कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इनमें दुर्लभ खनिजों से बनने वाले उत्पाद, सेमीकंडक्टर चिप विनिर्माण, सीमेंट उद्योग, वाहन और उनके कलपुर्जे बनाना, दूरसंचार की सुविधाएं और सौर-पवन जैसी नवीकरणीय ऊर्जा की परियोजना शामिल हैं।

मुख्यमंत्री माझी ने न केवल निवेश आकर्षित करने, बल्कि उनका समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “मंजूरी मिलने के बाद काम तय समयसीमा के अंदर शुरू होकर निर्माण और उत्पादन तक पहुंचना चाहिए। हम आपसी तालमेल और बेहतर व्यवस्था के जरिये प्रणाली को मजबूत बना रहे हैं, ताकि योजनाओं को बिना किसी रुकावट के सही तरीके से लागू किया जा सके।’’

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एएसपी सेमीकॉन को खुर्दा में 4,620 करोड़ रुपये की लागत से सेमीकंडक्टर मेमोरी चिप बनाने का संयंत्र लगाने की मंजूरी दी गई है। वहीं दुर्लभ खनिज क्षेत्र में मैग्नोवा प्राइवेट लिमिटेड को खुर्दा में 1,050 करोड़ रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता वाले ‘मैग्नेट’ बनाने वाला कारखाना स्थापित करने की अनुमति मिली है।

अधिकारियों ने बताया कि वाहन और वैमानिकी क्षेत्र में भी बड़ा विकास होगा। भारत फोर्ज लिमिटेड ढेंकनाल में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश कर वैमानिकी और रक्षा उपकरणों के पुर्जे बनाने की एक नई निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इसके अलावा, अदाणी हाइड्रो एनर्जी ट्वेल्व लिमिटेड नयागढ़ में 9,731 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। वहीं, जिंदल ग्रीन पीएसपी टू प्राइवेट लिमिटेड को देवगढ़ में 3,711 करोड़ रुपये की लागत से पंप स्टोरेज जलविद्युत संयंत्र लगाने की मंजूरी दी गई है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button