ओयू में अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन 24 से
हैदराबाद, तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला उस्मानिया विश्वविद्यालय में 24 से 26 मार्च तक आयोजित होने वाले वाले अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन (ओयूआईडब्ल्यूसी-2026) के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे। यह तीन दिवसीय आयोजन विकसित भारत 2047 के उस राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो वैश्विक नवाचार को बढ़ावा देने के लिए शिक्षा और नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के गुणक प्रभाव पर जोर देता है।
आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कुमार मोलुगरम ने राज्यपाल से मुलाकात करके विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना के राज्यपाल के साथ-साथ उस्मानिया विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में पद्भार ग्रहण करने पर औपचारिक रूप से बधाई दी।
इस शिष्टाचार भेंट के दौरान कुलपति ने राज्यपाल को उस्मानिया विश्वविद्यालय के गौरवशाली 108 वर्ष की विरासत के बारे में जानकारी दी, जिसमें इसके ऐतिहासिक महत्व और वर्तमान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को शामिल किया गया है। प्रो. कुमार मोलुगरम ने राज्यपाल को तेलंगाना सरकार द्वारा विश्वविद्यालय के समग्र उत्थान और अवसंरचना विकास के लिए स्वीकृत 1,000 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण अनुदान के बारे में भी सूचित किया।
यह भी पढ़े : टी-20 क्रिकेट लीग आरएसकेएमपीएल का भव्य शुभारंभ
जानकारी देते हुए बताया गया कि राज्यपाल ने सहर्ष निमंत्रण स्वीकार किया। साथ ही विश्वविद्यालय के चिरस्थायी शैक्षणिक योगदानों के लिए प्रशंसा करते हुए सम्मेलन की कार्ययोजना पर चर्चा की, जिसका उद्देश्य वैश्विक विद्वानों को एक साथ लाकर महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करना है। अवसर पर यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ साइंस की प्रिंसिपल और ओयूआईडब्ल्यूसी 2026 की संयोजक प्रो. एम. विजुलता, राज्यपाल के विशेष मुख्य सचिव एम. दानाकिशोर व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





