पीठ की सुंदरता पर भी दें पूरा ध्यान

अधिकतर महिलाएं अपने शरीर के सभी अंगों की सफाई पर तो पूरी तरह ध्यान देती हैं, लेकिन पीठ पर उतना ध्यान नहीं देतीं। क्या वे जानती हैं कि उनकी पीठ कितनी साफ है? पीठ पर ध्यान न जाने का मुख्य कारण यह है कि वह हमें दिखाई नहीं देती। नतीजा यह होता है कि पर्याप्त सफाई न होने के कारण उस पर मैल की परतें जमने लगती हैं।
यदि आप डीपनेक, बैकलैस ब्लाउज या अन्य कोई ड्रेस पहनती हैं, तो मैल की ये परतें स्पष्ट रूप से दिखाई दे सकती हैं, जिससे दूसरों को आपकी लापरवाही का अंदाजा हो सकता है। इसलिए कुछ बातों और घरेलू नुस्खों को ध्यान में रखकर आप अपनी पीठ को आकर्षक बना सकती हैं और मनचाहा पहनावा आत्मविश्वास के साथ पहन सकती हैं।

सबसे पहले, पीठ की त्वचा को धूप की किरणों से बचाकर रखें, क्योंकि यह त्वचा धूप के प्रति अधिक संवेदनशील होती है और जल्दी काली पड़ जाती है। प्रतिदिन नहाते समय पीठ की अच्छी तरह सफाई अवश्य करें। इसके लिए हैंडल वाले ब्रश का इस्तेमाल करना उपयोगी रहता है।
पीठ की त्वचा को मुलायम बनाए रखने के लिए सरसों के तेल की नियमित मालिश करें। यदि आपको कंधे झुकाकर चलने की आदत है, तो सीधे चलने की कोशिश करें, अन्यथा कूबड़ निकल सकता है जो देखने में अच्छा नहीं लगता। अधिक मोटापा भी पीठ के सौंदर्य को कम कर देता है, क्योंकि इससे पीठ पर अतिरिक्त चर्बी जमा हो जाती है।
घरेलू उपाय भी पीठ की रंगत निखारने में मददगार होते हैं। दूध में मैदा मिलाकर उबटन बना लें और इसे पीठ पर लगाएं। दस–पंद्रह मिनट बाद सूखने पर ठंडे पानी से धो लें। यह प्रक्रिया सप्ताह में दो बार करें।
नींबू त्वचा के कालेपन को दूर करने में सहायक है। नींबू को 5–10 मिनट तक पीठ पर हल्के हाथों से रगड़ें और थोड़ा सूखने के बाद ठंडे पानी से धो लें। इससे कालापन कम होगा।

बेसन में दही या दूध और हल्दी मिलाकर पेस्ट तैयार करें और पीठ पर लगाएं। हल्का सूखने पर इसे रगड़कर ठंडे पानी से धो लें। इससे त्वचा साफ और निखरी हुई दिखाई देगी।
अधिक गर्मी के कारण यदि पीठ की त्वचा झुलस गई हो, तो उबले हुए आलू में नींबू का रस मिलाकर पीठ पर लगाएं। आधे घंटे बाद स्नान करें। इससे झुलसी त्वचा का कालापन कम होगा।
जौ का आटा, नींबू और नारियल तेल मिलाकर उबटन तैयार करें और पीठ पर लगाएं। सूखने पर हल्के हाथों से रगड़ें और ठंडे पानी से धो लें।

घर से बाहर निकलते समय चेहरे के साथ-साथ पीठ पर भी सनस्क्रीन लोशन अवश्य लगाएं। धूप में जाते समय पीठ को दुपट्टे या साड़ी से ढंककर रखें।
यदि इन सभी उपायों के बाद भी पीठ का कालापन दूर न हो, तो किसी अच्छे सौंदर्य केंद्र की मदद ली जा सकती है। नियमित देखभाल से आपकी पीठ भी उतनी ही सुंदर और आकर्षक दिख सकती है जितना आपके शरीर का बाकी हिस्सा।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दिए गए सुझाव केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत किए गए हैं। किसी भी उपाय को अपनाने से पहले अपनी त्वचा के प्रकार और संवेदनशीलता को ध्यान में रखें तथा आवश्यकता होने पर विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



